17.7.21

याद बहुत ही आते पृथु तुम


सभी खिलौने चुप रहते हैं, भोभो भी बैठा है गुमसुम ।

बस सूनापन छाया घर में, याद बहुत ही आते पृथु तुम ।।

 

पौ फटने की आहट पाकर, रात्रि स्वप्न से पूर्ण बिताकर,

चिड़ियों की चीं चीं सुनते ही, अलसाये कुनमुन जगते ही,

आँखे खुलती और उतरकर, तुरत रसोई जाते पृथु तुम ।

याद बहुत ही आते पृथु तुम ।।१।।

 

जल्दी है बाहर जाने की, प्रात, मनोहर छवि पाने की,

पहुँचे, विद्यालय पहुँचाने, बस बैठाकर, मित्र पुराने,

कॉलोनी की लम्बी सड़कें, रोज सुबह ही नापे पृथु तुम ।

याद बहुत ही आते पृथु तुम ।।२।।

 

ज्ञात तुम्हे अपने सब रस्ते, पथ बतलाते, आगे बढ़ते,

रुक, धरती पर दृष्टि टिकी है, कुछ आवश्यक वस्तु दिखी है,

गोल गोल, चिकने पत्थर भर, संग्रह सतत बढ़ाते पृथु तुम ।

याद बहुत ही आते पृथु तुम ।।३।।

 

धूप खिले तब वापस आना, ऑन्टी-घर बिस्कुट पा जाना,

सारे घर में दौड़ लगाकर, यदि मौका तो मिट्टी खाकर,

मन स्वतन्त्र, मालिश करवाते, छप छप खेल, नहाते पृथु तुम ।

याद बहुत ही आते पृथु तुम ।।४।।

 

तुम खाली पृथु व्यस्त सभी हैं, पर तुम पर ही दृष्टि टिकी हैं,

शैतानी, माँ त्रस्त हुयी जब, कैद स्वरूप चढ़ा खिड़की पर,

खिड़की चढ़, जाने वालों को, कूकी जोर, बुलाते पृथु तुम ।

याद बहुत ही आते पृथु तुम ।।५।।

 

और नहा पापा जब निकले, बैठे पृथु, साधक पूजा में,

लेकर आये स्वयं बिछौना, दीप जलाकर ता ता करना,

पापा संग सारी आरतियाँ, कूका कहकर गाते पृथु तुम ।

याद बहुत ही आते पृथु तुम ।।६।।

 

यदि घंटी, पृथु दरवाजे पर, दूध लिया, माँ तक पहुँचाकर,

हैं सतर्क, कुछ घट न जाये, घर से न कोई जाने पाये,

घर में कोई, पहने चप्पल, अपनी भी ले आते पृथु तुम ।

याद बहुत ही आते पृथु तुम ।।७।।

 

दे थोड़ा विश्राम देह को, उठ जाते फिर से तत्पर हो,

आकर्षक यदि कुछ दिख जाये, बक्सा, कुर्सी, बुद्धि लगाये,

चढ़ सयत्न यदि फोन मिले तो, कान लगा बतियाते पृथु तुम ।

याद बहुत ही आते पृथु तुम ।।८।।

 

सहज वृत्ति सब छू लेने की, लेकर मुख में चख लेने की,

कहीं ताप तुम पर न आये, बलपूर्वक यदि रोका जाये,

मना करें, पर आँख बचाकर, वहाँ पहुँच ही जाते पृथु तुम ।

याद बहुत ही आते पृथु तुम ।।९।।

 

सबसे पहले तुमको अर्पित, टहल टहल खाना खाओ नित,

देखी फिर थाली भोजनमय, चढ़कर माँ की गोदी तन्मय,

पेट भरा, पर हर थाली पर, नित अधिकार जमाते पृथु तुम ।

याद बहुत ही आते पृथु तुम ।।१०।।

 

मन में कहीं थकान नहीं है, दूर दूर तक नाम नहीं है,

पट खोलो और अन्दर, बाहर, चढ़ बिस्तर पर, कभी उतरकर,

खेल करो, माँ को प्रयत्न से, बिस्तर से धकियाते पृथु तुम ।

याद बहुत ही आते पृथु तुम ।।११।।

 

इच्छा मन, विश्राम करे माँ, खटका कुछ, हो तुरत दौड़ना,

खिड़की से कुछ फेंका बाहर, बोल दिया माँ ने डपटाकर,

बाओ कहकर सब लोगों पर, कोमल क्रोध दिखाते पृथु तुम ।

याद बहुत ही आते पृथु तुम ।।१२।।

 

यदि जागो, संग सब जगते हैं, देख रहे, पृथु को तकते हैं,

पर मन में अह्लाद उमड़ता, हृद में प्रेम पूर्ण हो चढ़ता,

टीवी चलता, घूम घूमकर, मोहक नृत्य दिखाते पृथु तुम ।

याद बहुत ही आते पृथु तुम ।।१३।।

 

ऊपर से नीचे अंगों की, ज्ञान परीक्षा होती जब भी,

प्रश्न, तुरत ही उत्तर देकर, सम्मोहित कर देते हो पर,

जब आँखों की बारी आती, आँख बहुत झपकाते पृथु तुम ।

याद बहुत ही आते पृथु तुम ।।१४।।

 

शाम हुयी, फिर बाहर जाना, डूबे सूरज, आँख मिलाना,

देखेंगे चहुँ ओर विविधता, लेकर सबको संग चलने का,

आग्रह करते, विजय हर्ष में, आगे दौड़ लगाते पृथु तुम ।

याद बहुत ही आते पृथु तुम ।।१५।।

 

मित्र सभी होकर एकत्रित, मिलते, जुलते हैं चित परिचित,

खेलो, गेंद उठाकर दौड़ो, पत्थर फेंको, पत्ते तोड़ो,

और कभी यदि दिखती गाड़ी, चढ़ने को चिल्लाते पृथु तुम ।

याद बहुत ही आते पृथु तुम ।।१६।।

 

चलती गाड़ी, मन्त्रमुग्ध पृथु, मुख पर छिटकी है सावन ऋतु,

उत्सुकता मन मोर देखकर, मधुरिम स्मृति वहीं छोड़कर,

शीश नवाते नित मन्दिर में, कर प्रदक्षिणा आते पृथु तुम ।

याद बहुत ही आते पृथु तुम ।।१७।।

 

दिन भर ऊधम, माँ गोदी में, रात हुयी, सो जाते पृथु तुम,

शान्तचित्त, निस्पृह सोते हो, बुद्ध-वदन बन जाते पृथु तुम ।

याद बहुत ही आते पृथु तुम ।।१८।।


15.7.21

सात चक्र - सरलीकरण

 

योग शब्द युज् धातु से आया है। युज् घातु तीन अर्थों में प्रयुक्त होती है। संस्कृत व्याकरण में लगभग २००० धातुयें हैं जो १० गणों में विभक्त हैं। हर गण का एक विकिरण प्रत्यय होता है जिससे उसके रूप भिन्न होते हैं। युज् धातु भी तीन गणों में है और हर गण में उसका भिन्न अर्थ है। रोचक यह भी है कि सारी धातुयें किसी क्रिया को ही बताती हैं। धातुओं से ही सारे शब्द उत्पत्ति पाते हैं अतः यह तथ्य शब्द के उत्पत्ति के क्रियात्मक मूल को सिद्ध करता है। शब्दों के मूल में जाने से उसमें निहित क्रियायें और सन्निहित गुण पता चलते हैं। उदाहरण के लिये राम शब्द रम् धातु से आया है, अर्थ है रमना, क्रीडा करना, प्रसन्न होना। राम का शाब्दिक अर्थ है, जो हर्षदायक हो। इसी प्रकार जल या अग्नि के लिये प्रयुक्त भिन्न शब्द उनके भिन्न गुणों को व्यक्त करते हैं।


युज् धातु के तीन अर्थ इस प्रकार हैं।

  1. युज् समाधौ (४.७४) - चित्त स्थिर करना, बराबर स्थित होना, समत्व में होना। समाधि (सम आ धा), धा धारणे।
  2. युज् योगे (७.७) - जुड़ना, मिलना, एकत्र करना।
  3. युज् संयमने (१०.३३८) - संयत करना, बाँधना, वश में रखना। संयम (सम् यम), यम उपरमे।

उपरोक्त तीनों ही अर्थ योग प्रक्रिया को समझने में सहायक हैं। ये अर्थ पिछले ब्लाग में वर्णित योगसूत्र और गीता के तीन कथनों को और भी स्पष्ट करते हैं। पहले और दूसरे अर्थ स्थितिबोधक हैं, तीसरा अर्थ प्रक्रियाबोधक हैं। शब्द का अर्थ या अर्थ का मन्तव्य समझने में यदि कोई संशय रहता है तो उसकी धातु का विश्लेषण कर हम तात्पर्य समझ सकते हैं। 


योग के अर्थ, सिद्धान्त और व्यवहार को तो क्रमशः व्याकरण, योगसूत्र और गीता के माध्यम से समझा जा सकता है पर उनको जीवन में प्रयुक्त करने में सतत प्रयत्न करना पड़ता है। अष्टाङ्गयोग की प्रक्रिया और योगेश्वर की व्याख्या अन्ततः उस वर्तमान पर आकर ठहरती है जिसे हमें निभाना होता है। वही हाथ में रहता भी है और कुछ नियन्त्रण में भी। सारे के सारे उपाय, ज्ञान, उपक्रम उसी एक क्षण को निभाने के लिये आपको तैयार करते हैं, जिसे वर्तमान कहा जाता है। जो हो रहा है, यत वर्तते, वह वर्तमान। आने के पहले वह भविष्य था, बीतते ही वह भूत हो जाता है, एक क्षण ही है वर्तमान। विस्तार करना चाहें तो जीवन कम पड़ जायेंगे और संक्षिप्त करें तो एक क्षण में सिमट जाता है सब कुछ। अनुभव अन्ततः यही सिखाता है कि वर्तमान को कैसे निभायें। 


काल बड़ा निर्दयी होता है। वर्तमान के उसी एक क्षण में ही हमें संकुचित कर देता है, न एक क्षण उधर, न एक क्षण इधर। यदि उस क्षण पर भी हमारा नियन्त्रण न रहा तो कुछ भी नियन्त्रण में नहीं रहेगा। यदि कर्तव्य के उस क्षण में हम भूत या भविष्य के विकल्प में उलझे रहे तो कुछ भी नहीं मिलेगा। जो भी हमें तैयारी करनी है, जो भी हमें संस्कार डालने हैं, उसी एक क्षण को निभाने के लिये, जो वर्तमान है। गीता(४.६) में कृष्ण कहते हैं कि मृत्यु के क्षण हमारी मनोदशा हमारा नया जन्म निश्चित कर देती है, अतः अन्तकाल में कृष्ण का स्मरण करना चाहिये। साधकों के सारे जीवन बस इसी तैयारी में निकल जाते हैं कि मृत्यु के क्षण में वह शक्ति और सामर्थ्य रहे कि ईश्वर का स्मरण मन में रह सके।


मृत्यु का क्षण दो जन्मों को विभक्त करता है अतः उस पर प्रयुक्त मनःस्थिति महत्वपूर्ण दिखती है। वर्तमान के क्षण को भी इसी परिप्रेक्ष्य में देखें तो वह भी महत्वपूर्ण हो जाता है क्योंकि अगले ही क्षण मन की एक नयी स्थिति होती है, एक नया जन्म होता है। अनुभव के आधार पर वर्तमान के उसी क्षण को निभाने के सरल से कुछ प्रयास करता हूँ। समर्थ नहीं हूँ, बहुधा काल के द्वारा ढकेल दिया जाता हूँ। मानसिक दुर्बलतायें प्रबल हो जाती हैं, जो चाहता हूँ, जो सोचता हूँ, वह नहीं कर पाता हूँ। फिर भी सभी प्रयासों को कोटिबद्ध कर व्यक्त कर रहा हूँ। 


  1. स्मृतियों को निष्कर्ष दें। राग, द्वेष से उन्हें मुक्त करें। अस्मिता (यह मैंने किया है) से बचें। टालना उचित नहीं हैं, यदि ऐसा किया तो वे पुनः लौटकर आयेंगी। यथासंभव उनकी तीक्ष्णता मन्द करें।
  2. कल्पना सृजनशीलता के लिये तो अच्छी है पर कब वह चिंता के ग्रास में चली जाती है, पता ही नहीं चलता है। कार्यविशेष से ही भविष्य में विचरण करें और शीघ्र ही वर्तमान में लौट आयें। बीच में अपने से प्रश्न अवश्य पूछें कि यह चिंता किस चिन्तन की भटकन है?
  3. कुछ ज्ञान प्राप्त कर रहे हैं, कुछ पढ़ रहे हैं, सुन रहे हैं या देख रहे हैं तो उस समय और किसी विचार को न आने दें, सप्रयास। मन उकता जाता है, भागता है। ध्यान का तनिक अभ्यास इसमें सहायक होता है। बीच बात में बोलने के क्रम पर संयम रखे। यह इसलिये होता है कि हम सुनते समय सीखने के स्थान पर सोचने लगते हैं और स्वयं को व्यक्त करना चाहते हैं।
  4. किसी कर्म में लगे हो तो तन्मय होकर करें, शत प्रतिशत। एक साथ कई कार्य करने से दोनों से ही न्याय नहीं होता है और मन भटकता है सो अलग। एकाग्रता से समय, ऊर्जा की बचत तो होती ही है, साथ में कार्य की गुणवत्ता भी स्तरीय होती है। सम्यक रूप से निष्पादित कर्म तृप्ति की अनुभूति कराता है, अपने निष्कर्ष को पा जाता है, अन्यथा स्मृतियों में नहीं आता है।
  5. जब विश्राम करने जायें, इतना क्लान्त हो जायें कि मन को भ्रमण करने के लिये कुछ अवसर ही न मिले। निद्रा के हर क्षण में शरीर स्वयं को ऊर्जा से पुनः पूर्ण भरता रहे, प्रतिदिन। दिनभर के अतृप्त क्षण, अतृप्त निष्कर्ष रात्रि में आपको असहाय पा हाहाकार न मचाने पायें, इसके लिये आवश्यक है कि उनको यथासंभव, यथाप्रयास और यथासमय निष्कर्ष पर पहुँचाया जाये।  
  6. जब कुछ करने को न हो, कुछ जानने को न हो, स्मृति और कल्पना में मन आड़ोलित न हो, मन चैतन्य हो, तब शान्त बैठकर स्वयं को ही निहारें। प्रश्नों को पूछें, उत्तरों को ढूढ़ें। यह एकान्त अन्वेषण कई उलझनों को सुलझा देता है। एकान्त न सह पाने की प्रवृत्ति तभी आती है जब हम प्रश्नों से भागना चाहते हैं। हमें यह भय रहता है कि संभावित उत्तर हमको उद्वेलित कर जायेंगे, हमारे तथाकथित स्थिर जीवन को अस्थिर कर जायेंगे। मुझे तो लगता है कि जीवन के सर्वाधिक उत्पादक क्षण वे थे जब हाथ में कुछ करने को नहीं था, मन में कुछ सोचने को नहीं था।


प्रयास करता हूँ कि वर्तमान में जी सकूँ। बहुधा भटकता हूँ पर यथासम्भव वापस लौटने का प्रयत्न करता हूँ।

13.7.21

सात चक्र - व्यवहार


योगसूत्र और गीता में योग की तीन परिभाषायें मिलती हैं।

  1. योगः चित्तवृत्ति निरोधः (योगसूत्र १.२)- योग चित्त की वृत्तियों का निरोध है।
  2. समत्वं योग उच्यते (गीता २.४८) - समत्व योग कहलाता है।
  3. योगः कर्मषु कौशलम् (गीता २.५०) - योग कर्मों में कुशलता है।


इसके अतिरिक्त सांख्यदर्शन “पुरुष का प्रकृति से स्वयं को पृथक कर अपने स्वरूप में स्थित होने” को योग कहता है। यह परिभाषा “तब दृष्टा अपने स्वरूप में अवस्थित होता है (तदा द्रष्टुः स्वरूपेऽवस्थानम् - योगसूत्र १.३)” के जैसी ही है। बस प्रकृति से पुरुष(दृष्टा, स्वयं) को पृथक करने की विधि “चित्त की वृत्तियों का निरोध” है। अपने स्वरूप में स्थित होने के बाद आत्मा की क्या स्थिति होती है, उस पर योगसूत्र मौन है। यद्यपि गीता उस स्थिति का भी वर्णन करती है पर वह प्रकरण वर्तमान विषय की परिधि के बाहर है।


उपरोक्त तीन कथन हमें योगपथ पर जीवन निर्वाह करने की विधि बताते हैं। प्रथम कथन उस स्थिति को बताता है जहाँ पर आपको पहुँचना है, वह साध्य है। द्वितीय कथन उस समत्व मनःस्थिति को बताता है जिसमें रह कर साध्य तक पहुँचना है। तृतीय कथन उस मनःस्थिति में किये कर्मों के परिणाम को बताता है, कुशलता को परिभाषित करता है।  तीनों ही कथन एक दूसरे से भिन्न नहीं है। जहाँ प्रथम कथन योग का सैद्धान्तिक पक्ष बताता है, शेष दो कथन योग के व्यवहारिक पक्ष को स्पष्ट करते हैं। समुचित मनःस्थिति से कर्मों में कुशलता आयेगी और दोनों अन्ततः चित्त की वृत्तियों के निरोध में सहायक होंगे।


तीनों कथनों के परस्पर सम्बन्धों का विश्लेषण अत्यन्त रोचक है। पहला तो एक स्पष्ट संदेश है कि कर्मों में प्रवृत्त होना ही पड़ेगा। “सकल पदारथ है जग माहीं, कर्महीन नर पावत नाहीं।” बिना कर्म किये मन की अवस्थाओं को निष्पत्ति नहीं मिलेगी। योगपथ पर पलायन की मानसिकता स्वीकार्य नहीं है, वर्तमान का सामना करना होगा, स्मृतियों और कल्पना को भी निभाना होगा, ज्ञान प्राप्त करना होगा और कर्म में प्रवृत्त भी होना होगा।


योग जहाँ एक ओर कर्मों में प्रवृत्त होने के लिये उकसा रहा है वहीं दूसरी ओर उनमें पसर जाने के लिये मना भी कर रहा है। कर्म करिये पर निस्पृह भाव से, सम्यक ज्ञान पाकर, राग-द्वेष के बिना, ममत्व के भाव से विलग और स्वयं को असीमित और कालातीत मानकर। बिना इसके समत्व कहाँ से आयेगा? “शीतोष्ण सुखदुःखदा”, सुख दुख को शीत और ऊष्ण सा ग्रहण करने का भाव, उसी प्रकार सहन करने का भाव। जिस प्रकार हम अत्यधिक सर्दी और गर्मी से विचलित नहीं होते, सहते हैं और अपने कार्यों में लगे रहते हैं, ठीक उसी प्रकार कर्म करने को कहती है गीता। बिना समत्व के कर्मों में कुशलता नहीं आती, संतुलन आवश्यक है। विचलित न हो जायें, निर्णय प्रक्रिया प्रभावित न हो जाये, उसके लिये दृढ़ होना आवश्यक है। बिना सहे, बिना अभ्यास किये, बिना दृढ़ हुये समत्व कहाँ से आयेगा?


योग की व्याख्या में जायेंगे तो वैज्ञानिक रूप से इस प्रक्रिया को समझाया गया है, पर वह उसका सैद्धान्तिक पक्ष है, गीता उसे कर्म में अनुवादित कर उसका व्यवहारिक पक्ष बताती है। योग के अनुसार कोई भी कर्म या विचार अपनी छाप छोड़ जाता है, इसे संस्कार कहते हैं। यह संस्कार कितने गहरे और व्यापक हैं, यह इस पर निर्भर करेगा कि आपने किस संलग्नता और संलिप्तता से उसे निष्पादित किया है। वह आपका अंग बन जाते हैं और आपके भविष्य को प्रभावित करने की क्षमता रखते हैं। वह आपके चिन्तन का अंग बन जाते हैं और स्मृति में आने का अधिकार रखते हैं। यथोचित वातावरण में वे संस्कार प्रकट हो जाते हैं। बचपन में मिले अच्छे संस्कार बड़े बड़े प्रलोभनों से बचा लेते हैं, भटकने से बचा लेते हैं। वहीं दूसरी ओर कुसंगति में मिले बुरे संस्कार पापकर्म में प्रवृत्त कर देते हैं।


योग में साध्य स्थिति में पहुँचने के लिये सारे संस्कार क्षीण होना आवश्यक है, अच्छे और बुरे दोनों ही। यदि ऐसा नहीं होता है तो चित्त में वृत्तियाँ उत्पन्न होंगी और आप कर्म में प्रवृत्त होंगे। यदि मान लिया कि समत्व भाव में रहने से नये संस्कार नहीं बन रहे हैं, पर उन संस्कारों का क्या, जो जन्म जन्मान्तर से हमारे सूक्ष्म शरीर में चिपके हैं और हमारे जन्मों का कारण हैं? योग के अनुसार ऋतम्भरा की स्थिति में पहुँचने से उन सारे कर्मबन्धनों का स्वतः ही नाश हो जाता है और हम मुक्त हो जाते हैं। उस समय हम कैवल्य की स्थिति में पहुँच जाते हैं, कैवल्य इसलिये कि उस समय हमारे पास भूत का कोई भार नहीं होता है, हम अपने स्व में स्थित होते हैं।


गीता योग के इसी सिद्धान्त के व्यवहारिक पक्ष को समझाती है। कृष्ण को योगेश्वर इसीलिये कहा जाता है कि उन्हें योग की सूक्ष्मताओं में एक सिद्धहस्तता थी। जीवन में, समाज में, व्यवहार में कैसे योग निभायें, उसे बड़े ही सरल, सुग्राह्य और स्पष्ट रूप से व्याख्यायित करती है गीता। योगसूत्र के सिद्धान्त समझने के बाद गीता पढ़ना आवश्यक है। भक्ति, ज्ञान और कर्ममार्ग की भिन्नता और एकता, दोनों में ही व्यवहारिक सारल्य दिखाती है गीता। कर्मफल के साथ क्या करना है, क्यों करना है, कैसे करना है, किस भाव से करना है? कर्म में अकर्म और अकर्म में कर्म कैसे देखना है? दृष्टिभेद से किस प्रकार सृष्टिभेद हो जाता है? न जाने कितनी गहन सूक्ष्मताओं से भरी है गीता। हर बार पढ़िये और जितनी सामर्थ्य हो, जितनी मन की चेतना हो, उतने रत्न निकाल लाइये।


इस परिप्रक्ष्य में मेरा अनुभव और मेरी प्रार्थना यही है कि योगसूत्र और गीता को साथ साथ पढ़ा जाये। योग के सैद्धान्तिक और व्यवहारिक पक्ष को साथ साथ समझा जाये। कर्म, ज्ञान और भक्ति को साथ साथ जिया जाये। दृष्टि और सृष्टि के साम्य को सकल विश्व के साथ निभाया जाये।


सात चक्रों में बढ़ने के लिये, काल की कलाओं को समझने के लिये, स्मृति और कल्पना में साम्य बिठाने के लिये, गीता को आत्मसात करने की आवश्यकता है, अपने अनुसार व्यवहार में लाने की आवश्यकता है, प्रक्रियागत सरलीकरण की आवश्यकता है। प्रक्रिया के कुछ पक्ष समझेंगे अगले ब्लाग में।

10.7.21

आँखों के दो तारे तुम

 

आत्म-अधिक हो प्यारे तुम,

आँखों के दो तारे तुम ।

 

रात शयन से प्रात वचन तक, सपनों, तानों-बानों में,

सीख सीख कर क्या भर लाते विस्तृत बुद्धि वितानों में,

नहीं कहीं भी यह लगता है, मन सोता या खोता है,

निशायन्त तुम जो भी पाते, दिनभर चित्रित होता है,

कृत्य तुम्हारे, सूची लम्बी, जानो उपक्रम सारे तुम,

आँखों के दो तारे तुम ।१।

 

कहने से यदि कम हो जाये उत्श्रंखलता, कह दूँ मैं,

एक बार कर यदि भूलो तो, चित्त-चपलता सह लूँ मैं,

एक कान से सुनी, बिसारी, दूजे से कर रहे मन्त्रणा,

समझा दो जो समझा पाओ, हमको तो बस मन की करना,

अनुशासन के राक्षस सारे, अपने हाथों मारे तुम,

आँखों के दो तारे तुम ।२।

 

पैनी दृष्टि, सतत उत्सुकता, प्रश्न तुम्हारे क्लिष्ट पहेली,

समय हाथ में, अन्वेषणयुत बुद्धि तुम्हारी घर-भर फैली,

कैंची, कलम सहज ही चलते, पुस्तक, दीवारें है प्रस्तुत,

यह शब्दों की चित्रकारिता या बल पायें  भाषायें नित,

जटिल भाव मन सहज बिचारो, प्रस्तुति सहज उतारे तुम,

आँखों के दो तारे तुम ।३।

 

अनुभव सब शब्दों में संचित, प्रश्नों के उत्तर सब जानो,

स्वतः सुलभ पथ मिलते जाते, यदि विचार कोई मन में ठानो,

मुक्त असीमित ऊर्जा संचित, कैसे बाँध सके आकर्षण,

चंचल चपल चित्त से सज्जित, रूप बदलते हर पल हर क्षण,

उलझे चित्रण, चंचल गतियाँ, घंटों सतत निहारे तुम,

आँखों के दो तारे तुम ।४।

 

बादल बन बहती, उड़ती है, कहीं बिचरती मनस कल्पना,

और परिधि में सभी विषय हैं, सजती जीवन-प्रखर अल्पना,

अनुभव के अम्बार लगेंगे, बुद्धिमता के हार सजेंगे,

अभी लगे उत्पातों जैसे, उत्थानों के द्वार बनेंगे,

सीमाओं से परे निरन्तर, बढ़ते जाओ प्यारे तुम,

आँखों के दो तारे तुम ।५।


(पहले मानसिक हलचल में लिखी थी, स्मृति में पुनः उतर आयी)


8.7.21

सात चक्र - प्रक्रिया

 

ऊर्जा के चक्रों में क्रमिक गतिमय होना कोई क्षणिक उपलब्धि नहीं है, इसके लिये निश्चित रूप से एक प्रक्रिया में निहित हो क्रमशः बढ़ना पड़ता है। अपने स्वरूप में स्थित हो, शरीर, मन और काल के आवरण से विमुक्त, अपने आराध्य की चेतना से जुड़ जाना योग है। योग को समझने के लिये दो ग्रन्थ पढ़ने आवश्यक हैं, योगसूत्र और भगवद्गीता। जहाँ योगसूत्र में विषय को एक व्यवस्थित क्रम देते हुये संक्षिप्त किया गया है और प्रक्रिया को बौद्धिक आधार दिया गया है वहीं भगवद्गीता में उसके व्यवहारिक पक्षों को विस्तार से व्यक्त किया गया है। तुलना की जाये और लगभग चार सूत्रों को एक श्लोक के बराबर रखा जाये तो भगवद्गीता का आकार योगसूत्र का लगभग १५ गुना होगा। यह होने पर भी योगसूत्र में कोई भी सिद्धान्त न्यून नहीं है और भगवद्गीता में कोई भी व्याख्या योगसूत्र से असम्बद्ध नहीं है।


पहले भगवद्गीता पढ़ी। उस समय आत्मा, कर्म, जन्म आदि के न जाने कितने सिद्धान्त समझ में आये पर कई प्रकार के योगों का वर्णन मन दिग्भ्रमित कर गया। जब कई मार्ग दिये हो, कई भेद वर्णित हों तो प्रश्न उठना स्वाभाविक है कि इसमें आपके लिये कौन सा है? लगा कि पढ़ते पढ़ते एक चौराहे पर पहुँच गये और जब तब अपनी प्रकृति का ज्ञान नहीं होगा तब तक पता नहीं चलेगा कि कौन सा मार्ग अपनाना है? अनुभवहीनता के उस प्रारम्भिक काल में यह एक कारण रहा कि प्रगति गतिमय नहीं रही। आपको अपनी प्रकृति कौन बतायेगा? आयुर्वेद को ही देखें तो समुचित दिनचर्या, ऋतुचर्या और जीवनचर्या अपनाने के लिये आपको यह जानना आवश्यक हो जाता है कि आपकी प्रकृति कफ है, या पित्त, या वात? जानना कठिन होता है पर शरीर, मन आदि के लक्षणों से अपनी प्रकृति समझ आ जाती है।


कौन से योग में प्रवृत्त हों, यह जानना और भी कठिन है। भक्तियोग, ज्ञानयोग, कर्मयोग, राजयोग, निष्कामयोग आदि, इनमें कौन सा मार्ग अपनायें? बिना स्वयं को जाने किस मार्ग में प्रवृत्त हो जायें? यह यक्ष प्रश्न सदा ही सामने उपस्थित रहा। कभी कभी अध्ययनकाल में जब कठिन प्रश्न सामने रहता था तो बहुधा मन नैराश्य से उटच जाता था। पर नैराश्य भी अधिक समय तक नहीं टिकता था, जैसे ही तनिक ऊर्जा आती थी, नया विचार कौंधता था पुनः उस प्रश्न से जूझने का मन बन जाता था। प्रवृत्ति-निवृत्ति के इस असमञ्जस में युवावस्था का पर्याप्त समय निकल गया।


कभी अपनी मेधा पर विश्वास होता था और लगता था कि ज्ञानयोगी बन सकते हैं। कभी अत्यधिक उछाह और ऊर्जा कर्मयोग में प्रवृत्त कर देती थी। कभी अनुराग होता था तो कभी वैराग्य। कभी असहायता और आश्रयता प्रबल हो जाती थी और भक्तियोग के अतिरिक्त कोई और मार्ग नहीं समझ आता था। विकल्पों के न जाने कितने हिचकोले खाकर वर्षों बाद भी वहीं का वहीं मिलता था जीवन। यह तो समझ आ गया था कि संशय स्वयं की समझ में है, सिद्धान्त में नहीं। पंथ एक ही है, तीन नहीं। व्यक्ति की क्षमता के अनुसार, काल या परिस्थिति के अनुसार कुछ भेद अवश्य है जो समझ नहीं आ रहा था।


जीवन तात्कालिकताओं में व्यस्त हो गया। जब समय मिला तो पुनः अभिरुचि जागृत हुयी। गीता पढ़ी, कुछ नयी दृष्टि प्राप्त हुयी पर उपरोक्त विषय में स्पष्टता नहीं आयी। यह दैवयोग ही कहा जायेगा कि उस दिन मुख्यालय में एक बैठक समय के पहले ही सम्पन्न हो गयी, समय था पर पढ़ने के लिये कोई पुस्तक नहीं थी। गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर गीताप्रेस के स्टाल के सामने पठनीय सामग्री ढूढ़ रहा था कि पतंजलि योगसूत्र की पतली सी पुस्तक पर दृष्टि पड़ी। पढ़ना प्रारम्भ किया और वापस घर (बनारस) पहुँचते पहुँचते एक बार पढ़ना हो गया, हिन्दी अनुवाद के साथ। एक अद्भुत आनन्द आया, ज्ञान की सहज स्पष्टता पर। 


इसके पहले अन्य भारतीयों की भाँति अपनी संस्कृति के बारे में पढ़ा अवश्य था, गर्व भी था पर कोई यदि गहरे प्रश्न कर बैठे तो उसका उत्तर नहीं था। यद्यपि शास्त्र मूल रूप से पढ़े नहीं थे, कुछ एक को छोड़कर। जो पढ़े थे, वह भी हिन्दी अनुवाद तक सीमित थे। कुल मिलाकर जो ज्ञान था वह अत्यन्त सीमित और परिधि पर ही रहने वाला था। भीतर जाने का न कभी प्रयत्न नहीं किया था और कोई खींच ले तो उस पर चर्चा करने का आत्मविश्वास भी नहीं था।


पता नहीं क्यों पर उस दिन योग के सूत्र मस्तिष्क में एक के बाद एक उतरते चले गये। अगले एक माह में वह पुस्तक दो बार और पढ़ी। मन नहीं भरा, तब संस्कृत का एक एक सूत्र समझ कर पुनः पढ़ी। तब लगने लगा कि मेरी वर्षों की प्रतीक्षा, अधर में लटके संशय को इस प्रकार ही निष्पत्ति मिलनी थी। जिस समय योग के सूत्र पढ़े उस समय गीता के श्लोक सहायक रहे। आनन्द तब आया जब योगसूत्र की प्रारम्भिक समझ के बाद गीता पढ़ना प्रारम्भ किया। ऐसा लगा कि हाथ में कोई चाभी है और जिससे एक एक श्लोक के रहस्य स्वतः खुलते जा रहे हैं।


पता नहीं मेरे साथ ही ऐसा हुआ कि गीता का पारायण करने वाले अन्य साधकों के साथ भी ऐसा होता है। आजकल प्रबन्धन के प्रशिक्षण में गूढ़ तत्वों को समझने के लिये एक विशेष समस्या को उदाहरण के रूप में लेते हैं और उसे प्रबन्धन के सिद्धान्तों के माध्यम से सुलझाते हैं। स्थिति विशेष में प्रयुक्त होने से सिद्धान्त स्पष्ट होते जाते हैं। मुझे लगता है कि गीता में पतंजलि योगसूत्र के सारे के सारे सिद्धान्तों का प्रयोग बताया है। जिस समस्या पर सिद्धान्त प्रयुक्त हुये हैं, अर्जुन के समान दिग्भ्रम लगभग सभी के जीवन में आते हैं। योगेश्वर कृष्ण ने अर्जुन की समस्या के उदाहरण से योगसूत्र के सिद्धान्तों को स्पष्ट कर दिया है।


योगसूत्र और गीता को परस्पर परिप्रेक्ष्य में समझना एक अद्भुत अनुभव रहा है। सैद्धान्तिक पक्ष स्पष्ट होने से उन पर व्यवहार करना सरल हो गया है। अभ्यास और वैराग्य पर आधारित इस समझ को पूर्व में एक ब्लाग श्रृंखला के माध्यम से व्यक्त किया था। हर बार पढ़ने से वही शब्द और गहरे जाकर पैठ जाते हैं।


मन से सम्बन्धित योग के व्यवहारिक पक्ष अगले ब्लाग में।

6.7.21

सात चक्र - स्थिति

 

सात चक्रों की अवधारणा संभवतः भारतीय सिद्धान्त पक्ष का सर्वाधिक चर्चित तत्व है। शरीर में स्थित ऊर्जा के ये चक्र न केवल शरीर को अध्यात्म से जोड़ते हैं वरन भूत, भविष्य और वर्तमान से होते हुये कालातीत अवस्था तक पहुँच जाते हैं। शरीर, मन, बुद्धि और आत्मा की भिन्न अवस्थाओं को भी ये चक्र विश्लेषित करते हैं। योग हो, तन्त्र साधना हो, बौद्धपंथ हो, आधुनिक मनोविज्ञान हो, प्राच्य और पाश्चात्य के सभी मत मानसिक संरचना को इसी सिद्धान्त से समझने का प्रयत्न करते हैं। समझ में थोड़ा बहुत अन्तर काल और विकास के कारण है। साथ ही अपने पंथ के अन्य सिद्धान्तों से संयोजन के प्रयास में इसके मूलभूत स्वरूप में न्यूनतम छेड़छाड़ दृष्टव्य है।


संलग्न चित्र में चक्र, उनके स्थान, सम्बद्ध काल, शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक और आध्यात्मिक लक्षण दिखाये गये हैं। इन्हें पूरा समझ पाना किसी योगी के लिये ही संभव है पर कुछ आधारभूत तथ्य इसे क्रमशः खोलने में सहायक होंगे।


प्रथम दो चक्र समझ आते हैं, वे क्रमशः भूत और भविष्य से सम्बद्ध हैं। अन्तिम दो भी स्पष्ट हैं, वे वर्तमान और कालातीत अवस्था को व्यक्त करते हैं। मध्य में स्थित शेष तीन काल की व्यापित अवस्थाओं के परिचायक हैं। व्यापित काल अवस्थायें बन्धनकारी लग सकती है। प्रारम्भिक स्थितियों में ऐसा होता भी है, ऊर्जा बट जाती है। कालान्तर में इनमें साम्य आवश्यक है। यदि ऐसा नहीं होगा तो हमारा विकास नहीं होगा, हम उसी चक्र में अटके रहेंगे। विकास से हम ऊपरी चक्रों में क्रमशः बढ़ते जाते हैं और पहले अपने अन्दर, फिर परिवार में, फिर समाज में और अन्ततः सकल विश्व में एक संतुलित स्वरूप देख पाते हैं। ऊर्जा, साम्य, विकास और संतुलन को यह क्रम लगभग हर विषय में प्रयुक्त होता है।


मध्य के ये तीन चक्र बद्धता और उन्मुक्तता के बीच के संक्रमण की स्थिति है, बद्धता भूत और भविष्य की, उन्मुक्तता वर्तमान की। बद्धता सब कुछ अपने में समेट लेने की, उन्मुक्तता सब में व्याप्त हो जाने की। स्वाभाविक है कि इस यात्रा में परिश्रम अधिक करना पड़ता है, समय अधिक लगता है। जहाँ होड़ लगी थी, प्रतियोगी मानसिकता थी, वहाँ साम्य बिठाना पड़ता है। बन्धन से बाहर आने के क्रम में चित्र में इंगित गुण विकसित होते हैं। बन्धन से बाहर आने का प्रयास ही उन गुणों को जीवन में परिवर्धित करते हैं जो विस्तारमना होते हैं। यह तब तक संभव नहीं है जब तक हम भूत और भविष्य को संतुलित रूप में वर्तमान के साथ नहीं रखते हैं। एकता, समग्रता में विस्तार की आवश्यकता है। विस्तार तीनों कालों का, विस्तार तीनों कालों के परस्पर प्रभाव का।


अन्ततः वर्तमान ही सब कुछ है। यदि वर्तमान को जी लिया और बिना कुछ बोझ लिये आगे बढ़ गये तो काल की बन्धनकारी प्रवृत्ति भी कम रहेगी। यदि वर्तमान को पूर्णता से नहीं जिया, निष्कर्ष तक नहीं पहुँचाया तो वह अतृप्त रहेगा और आगत काल में अपना भाग माँगेगा। यही संभवतः कर्मफल का सिद्धान्त है। बिना क्लेष के जी पाना, बिना अविद्या, अस्मिता, राग, द्वेष और अभिनिवेश के जी पाना।


आपका जीवन ऊर्जा के इन सात चक्रों में कहीं न कहीं रहेगा ही। मन में उत्पन्न विचार किसी न किसी चक्र का भाग रहेगा ही। निम्न चक्र प्रारम्भ में जागृत रहते हैं पर बिना उनको पार किये, बिना उन पर ध्यान दिये, बिना उनको निष्कर्ष पर पहुँचाये विकास संभव भी नहीं है। विकास के प्रारम्भिक चरणों में प्राथमिकता वही है। बिना उन आवश्यकताओं को पूर्ण किये हुये संतुलन और एकाग्रता की बात करना हास्यास्पद है। पर उन आवश्कताओं में कितना समय दें, यह प्रश्न सदा ही बना रहता है। उनको यथोचित समय और ऊर्जा देकर ही आगे बढ़ा जा सकता है, नहीं तो अवसर पाकर वे पुनः भड़केंगी। इन आवश्यकताओं का एक मूलभूत नियत स्तर बनाकर रखना ही होता है। शरीर और परिवेश की सुरक्षा, खाने को भोजन, रहने को घर, जीवकोपार्जन, भविष्य का चिन्तन, सन्तति का क्रम, आधार का निर्माण करना ही पड़ता है।


यदि प्रथम चक्र में ही अटक गये, उसी में सारा समय व्यतीत कर दिया, उसी में निमग्न हो गये, उसी में सुख ढूढ़ने लगे तो मान लीजिये कि आपने सारी संभावनाओं को नकार दिया है। एक दिन मन भर जायेगा, काल में सबका अवरोह आता है, सुख के अनुभव का भी। बार बार एक ही विषय सुख देना बन्द कर देता है। तब कहाँ जायेंगे, तब ऊपर के चक्रों में जाने का मन तो करेगा पर आपके पास न ऊर्जा रहेगी और न ही समय। निःशब्द, निर्व्यक्त, निरुपाय आप जीवन से प्रयाण कर जायेंगे। काल की कला से बाहर आना है तो कालातीत तो होना ही पड़ेगा।


धर्म रक्षित अर्थ और काम के प्रयास मोक्ष तक ले जाने की सामर्थ्य रखते हैं। धर्मविहित अर्थ समाज के द्वेष का कारण बनता है और धर्मविहित काम समाज की निन्दा का। वाल्मीकि रामायण में राम के मुख से निकले ये शब्द असमञ्जस की किसी भी स्थिति से बाहर निकाल लाते हैं और एक सहज सा साम्य प्रकट कर देते हैं। वैशेषिक भी जीवन के दो ध्येय कहता है, एक अभ्युदय औऱ दूसरा निःश्रेयस। एक भौतिक श्रेष्ठता तो दूसरा सर्वोत्तम तक की यात्रा, एक के बाद एक चक्रों से होते हुये, ऊर्ध्वमना हो।


सात जन्म, मन की सात अवस्थायें, काल की सात कलायें, सात चक्र, ये सब अन्ततः एक बिन्दु पर अपनी निष्पत्ति पा जाते हैं। इन सात चरणों की यात्रा के व्यवहारिक पक्ष अगले ब्लाग में।

3.7.21

खजुराहो

 

उपेक्षित जड़ प्रस्तरों पर,

कल्पना-घट पूर्ण भरकर ।

मूर्तिकारों के करों से,

सकल ही सौन्दर्य छलका ।।१।।

 

बलवती किस प्रेरणा से,

सुघट अंगों को बनाया ।

मात्र प्राणों की कमी है,

मूर्तियाँ बस चल पड़ेंगी ।।२।।

 

दृष्टिगोचर भित्तियों पर,

मनुज का उत्कर्ष विस्तृत ।

अन्त्य का निष्काम चित्रण,

कला की संज्ञा रही है ।।३।।

 

मन विषय उद्विग्नता पर,

डालकर शीतल फुहारें ।

मूर्तिमय सौन्दर्य निर्मल,

मन व्यथा को तृप्त करता ।।४।।

 

है मधुर श्रृंगार तेरा,

दीप्त मन की सत्वता से ।

जगत में होवे प्रकीर्णित,

अर्थ जन जन में मधुर का ।।५।।

 

दुख यही, उद्देश्य जो था,

नहीं सफलीभूत होता ।

दृष्टियाँ सापेक्ष तुझपर,

तिक्त छिन्नित वासना से ।।६।।
























चित्र साभार - https://www.thepublic.in/

1.7.21

सात जन्म - क्रम


ऊर्जा, साम्य, विकास और एकता की विमाओं में भूत, भविष्य और वर्तमान को कैसे साधा जाये, यह जीवन का मूल प्रश्न हो जाता है। साथ ही ढेर सारे और भी अनुप्रश्न उठते हैं, जिनका निवारण आवश्यक हो जाता है। जो प्रश्न हमारे हैं वही प्रश्न हमारे पूर्वजों के भी थे। जब जीवन की आपाधापी से कुछ समय निकाल कर अपने पूर्वजों के साथ बैठता हूँ तो दो भाव उमड़ते हैं। एक भाव होता है अगाध आदर का। अद्भुत मेधा, अद्भुत चिन्तन, अद्भुत उहा और विचारों का एक व्यवस्थित क्रम। दूसरा भाव होता है, आनन्द के अतिरेक में उनसे लिपट जाने का। गर्व होता है, मन करता है कि साँस रोके रहूँ और उस गर्वानुभूति को जाने ही न दूँ। प्रश्न घुमड़ते हैं, जब तक उत्तर नहीं पा जाता मन, अतृप्ति बनी रहती है। उत्तर पाते ही आनन्द की रेख पूरे अस्तित्व में तड़ित तरंगा सी समा जाती है।


उनके लिखे हुये में और हमारे समझे हुये में बस प्रत्यक्ष का अन्तर होता है। उन्होंने समस्त ज्ञान का प्रत्यक्ष किया होता है, एक प्रक्रिया में उतर कर। योग के सम्यक अनुपालन से और ध्यान, धारणा और समाधि से होते हुये जब तथ्य उद्भाषित होते हैं तब व्यक्त शब्द आप्त द्वारा प्रत्यक्ष किये गये ज्ञान की सामर्थ्य पा जाते हैं। हमें वही ज्ञान अनुमान से प्राप्त होता है और शब्द रूप में सहज उपलब्ध है। यही कारण है कि शाब्दिक ज्ञान जानने के बाद भी उसका मर्म समझने में हमें वर्षों लग जाते हैं। अनुभव बहुत कुछ सिखाता है, शब्दों में पड़ा ज्ञान, श्लोकों में निहित शिक्षा, सूत्रों में क्रमबद्ध पिरोया ज्ञान अपने आप को धीरे धीरे व्यक्त करने लगता है।


जीवन को जानने और समुचित निभाने के लिये ऊर्जा, साम्य, विकास और एकता की विमाओं को समझना आवश्यक है। किस प्राथमिकता और क्रम में ऊर्जा लगायी जाये, किस प्रकार विपरीतता में साम्य स्थापित किया जाये, किस प्रकार आवश्यक विकास लब्ध हो और अन्ततः किस प्रकार समग्रता से आन्तरिक और वाह्य विश्व में एकत्व संस्थापित किया जाये? पिछले ब्लाग में देखा कि भूत, भविष्य और वर्तमान में भटकता मन ऊर्जा खींचता है, पहले क्या कर्म निष्पादित हों? क्या धरें और क्या तजें? धरना भविष्य का द्योतक है, तजना भूत का, यथास्थिति वर्तमान की। किसको कितना महत्व दिया जाये कि सब संतुलित चले? तब संतुलन की स्थिति में किस प्रकार गति हो? तब किस प्रकार गतिमय जीवन के सम्बन्धों में तदात्म्य स्थापित हो, अन्य जीवों के साथ, प्रकृति के साथ, स्वयं की इन्द्रिय, मन, बुद्धि और आत्मा के साथ।


जब क्रिया का एक मात्र अवसर वर्तमान ही है, जो भी करना होगा वर्तमान में ही करना होगा। स्मृति भी वर्तमान के क्षण में आयेगी, कल्पना भी वर्तमान के क्षण ही आयेगी, ज्ञान भी वर्तमान में प्राप्त होगा और कर्म भी वर्तमान में ही सम्पादित होंगे। स्मृति और कल्पना के साथ न्याय करने के लिये ज्ञान आवश्यक है, आगे बढ़ने के लिये कर्म आवश्यक है। वर्तमान को सही प्रकार से निभाना जिसे आ गया, उसे जीवन जीने की कला का मर्म भी आ गया।


विकास क्रमिक है। समग्र में क्रमशः शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक और आध्यात्मिक विकास। हर अंग का अपना क्रमिक विकास। स्थूल से सूक्ष्म की ओर बढ़ें, नीचे से ऊपर बढ़ें, वाह्य से अन्दर बढ़ें तो शारीरिक स्तर पर ही, सुरक्षा, प्रजनन, पाचन, संचालन, संप्रेषण, संतुलन से होते हुये स्थैर्य आता है। मानसिक स्तर पर इन्द्रिय सुख, प्रसन्नता, व्यापकता, समर्पित प्रेम, स्वतन्त्रता, शुद्धता होते हुये अस्तित्व की अनुभूति होती है। बौद्धिक स्तर पर स्थायित्व, रचनात्मकता, मौलिकता, सहृदयता, उन्मुक्त विचार, दृश्य चेतना से होते हुये एकता स्थापित होती है। इसी प्रकार आध्यात्मिक स्तर पर अस्मिता, उत्सुकता, विकास, समर्पण, विशिष्टता, प्रज्ञा के मार्ग से ऋतम्भरा प्रतिष्ठित होती है।


आपको यह तथ्य निश्चय ही रोचक लगेगा कि प्रत्येक अंगों के विकासक्रम में सात ही चरण दिये गये हैं। सात की यह अवधारणा जिसे मैंने सात जन्मों के प्रश्न से ढूढ़ने का प्रयास किया था और क्रमशः काल और मन की गति से सम्बद्ध करने का प्रयास किया था, वह अवधारणा सात ऊर्जा चक्रों में अपनी निष्पत्ति पा जाती है।


शरीर में सात ऊर्जा चक्र माने गये हैं। मूलाधार, स्वाधिष्ठान, मणिपूर, अनाहत, विशुद्ध, आज्ञा और सहस्रार। नाड़ियों की संरचना में तन्त्रिका तन्तुओं के संगमस्थल ऊर्जा के केन्द्र माने गये हैं। समग्रता और निर्बाध रूप से जीने के लिये आवश्यक है कि इनमें ऊर्जा प्रवाहित होनी चाहिये। जहाँ पर यह प्रवाह बाधित हो जाता है, हम अस्तित्व के उसी बिन्दु पर अटक जाते हैं, ऊपर नहीं बढ़ पाते हैं। न केवल ये चक्र हमारी मानसिक गति से सम्बद्ध हैं वरन काल से भी जुड़े हैं। किस समय किसको प्राथमिकता देनी है, साम्य का स्तर क्या हो, ऊपर कैसे बढ़े और अन्ततः एकत्व कैसे आये, इसका एक अद्भुत विवरण इस प्रकरण में मिलता है।


ऊर्जा, साम्य, विकास और एकता की यात्रा है, इन चक्रों में क्रमशः ऊपर बढ़ना। जानेंगे इसके विश्लेषित रहस्य अगले ब्लाग में।