10.11.26

गीत सुमंगल गाना सीखा


स्मृतियों का रेला छूटा, हलचल छूटी, मेला छूटा,

संग जीने का हठ चलता है, जब भी राह अकेला छूटा। 


एकल अन्तहीन मरुथल में, पीड़ादायी भीषण छल में,

निर्मम दोनों बाँह उठाये, सब सह डाला अन्तःस्थल में।


गहरे में उतराना सीखा, डट सर्वस्व लगाना सीखा, 

उत्कट, जीवट अवरोधों में, गीत सुमंगल गाना सीखा।


मन निर्भय समझाता रहता, नित विश्वास बढ़ाता रहता,

स्थितप्रज्ञ, हलाहल लहरें, अस्त व्यस्त क्रम आता रहता।


मर्म उकेरित नवछन्दों में, साम्य समेटे धुर द्वन्द्वों में,

कर्म सतत परिलक्षित पोषित, पुष्ट सकल कृत अनुबन्धों में।


कुछ है संजीवनि जीवन की, पारस सक्षमता इस मन की,

बंधमुक्त, ऊर्जा अनुनादित, कर जाती निश्चेष्ट मनन की।

No comments:

Post a Comment