Showing posts with label प्रभाव. Show all posts
Showing posts with label प्रभाव. Show all posts

5.9.12

हे प्रसन्नमना, प्रसन्नता बाँटो न

अभी एक कार्यक्रम से लौटा हूँ, अन्य गणमान्य व्यक्तियों के साथ मंच पर एक स्वामीजी भी थे। चेहरे पर इतनी शान्ति और सरलता कि दृष्टि कहीं और टिकी ही नहीं, कानों ने कुछ और सुना ही नहीं। कार्यक्रम समाप्त भी हो गया, स्वामीजी कुछ बोले भी नहीं, पर उनके चेहरे के अतिरिक्त कुछ याद भी नहीं रहा, बस बालसुलभ एक हल्की सी मुस्कान। जब हमारे दिन-रात जटिल और कुटिल चेहरे देखते देखते बीतते हैं तो एक सरल चेहरा अलग सा झलकता है, भुलाया जा नहीं पाता है।

कहते हैं कि व्यक्ति की सोच उसके चेहरे में दिख जाती है, या कहें कि सोच जैसे जैसे सरल होती है, चेहरा वैसे वैसे खिलने लगता है। औरों का अहित सोचने वाले, दुखी और चिन्तित लोगों के चेहरे उनके बोलने के पहले ही उनके बारे में सब बता जाते हैं। सामने वाले का चेहरा पढ़ना अनुभव से ही आता है, बहुधा सामने वाले को देखते ही एक पूर्वानुमान हो जाता है कि व्यक्ति सच बोलने जा रहा है या झूठ का पुलिंदा लेकर आया है। मैल्कम ग्लैडवेल अपनी पुस्तक ब्लिंक में यहाँ तक कहते हैं कि ९९ प्रतिशत किसी के बारे में वही भाव सच होते हैं जो उसे देखने के बाद प्रथम दो सेकेण्ड में आपके मन में आते है।

जो भी हो, पर इस अवलोकन को आधार बना किसी के बारे में मन बना लेना भी ठीक नहीं होता है, निर्णय प्रक्रिया कभी कभी अपनी गुणवत्ता के लिये समय चाहती है। अच्छे बुरे की सीमा वाली स्थिति में मैं भले ही भ्रमित हो जाऊँ पर स्वामीजी का अन्तःकरण निर्मल और निश्छल था, इसका विश्वास कुछ ही देर में हो गया था। घर आकर तब अपना चेहरा दर्पण में ध्यान से निहारा, अधिक देर तक, तो स्वयं के बारे में न जाने कितनी बातें पता चलने लगीं। वर्तमान से असंतुष्टि, भविष्य का भय, कितना कुछ कर जाने की इच्छा, विचारबद्धता का आभाव, ऐसे न जाने कितने भाव लहरा गये। थोड़ा मुस्कराया, तो सारे भाव कुछ क्षण के लिये छिप तो गये, पर अधिक समय तक छिपे न रह पाये, पुनः सामने आकर फैल गये। सच ही है, दर्पण झूठ नहीं बोलता है, पर सच हम स्वीकार नहीं करना चाहते हैं।

चेहरे के भाव पढ़े जाते हैं और वही भाव फैलते भी हैं। यदि घर का मुखिया चिंतित रहेगा तो बच्चों पर उसका क्या प्रभाव पड़ेगा, इसका अनुमान लगाना कठिन नहीं है। तो क्या हम सब अभिनय करें कि चेहरे के भाव अच्छे आयें? काश ऐसा हो पाता, बच्चों का मन रखने के लिये हम भले ही कुछ समय के लिये मुस्करा लें पर उस बात से ध्यान हटते ही चेहरे के मूलभाव वापस चेहरे पर आ धमकते हैं। अन्दर से प्रसन्नता आये बिना चेहरा प्रसन्न दिखेगा ही नहीं।

कभी कभी जीवन में इस तरह की घटनायें किसी पूर्वनिश्चित कारण से ही होती हैं, कुछ कारण तो रहा ही होगा जिसने हमें उन तथ्यों पर विचार करने को प्रेरित किया, जो हमारे बच्चों को अहितकर संकेत दे रहे हैं। हमारे चेहरे से यदि असुरक्षा प्रसारित होती है, तो क्या हम चाहेंगे कि वही भाव हमारे बच्चों में भी आये। नहीं, हम तो यही चाहेंगे कि हमारे बच्चे या हमारे आसपास के लोग हमारे उन भावों को न पढ़ें जो हम नहीं बताना चाहते हैं। पर क्या करें, चाहें न चाहें, वे भाव छलक ही जाते हैं। अच्छा तो तब यही होगा कि हमारे चेहरे के भाव अच्छे हो और स्थायी भी, पर उसके लिये हमें अन्दर से सरल और स्पष्ट होना आवश्यक है।

कई भाव ऐसे हैं जो कृत्रिम नहीं ओढ़े जो सकते हैं। यदि घर में निर्धनता है तो मुखिया के चेहरे पर संघर्ष झलकता है, कभी कभी दुख की भी रेख दिख जाती है। वही भाव बच्चे देखते हैं और उनके अन्दर भी श्रम और संघर्ष के भाव विकसित होते हैं और जीवनपर्यन्त बने भी रहते हैं। बचपन से पाये इन्हीं भावों का समुच्चय संस्कार कहलाता है और यही हमारे जीवन का नेतृत्व भी करता रहता है।

जो सिद्धान्त घर पर लागू होता है, वही समाज, राज्य और राष्ट्र पर भी लागू होता है। मुखिया के चेहरे पर जो भाव झलकेगा, वही भाव संचारी हो जायेगा, वही भाव प्रमुख हो जायेगा। यदि जननायक की एक पुकार जनमानस को ऊर्जस्वित कर देती है तो उसके पीछे नायक के चेहरे से टपकता चरित्रजनित निष्कपट भाव अवश्य होगा। सर्वे भवन्तु सुखिनः का पाठ करना ही हमारे कर्मों की इतिश्री न हो जाये, उससे वांछित सुख फैलेगा भी नहीं। जब तक हम स्वयं प्रसन्न रहना नहीं सीखेंगे, अपने परिवार, अपने समाज और अपने देश को प्रसन्नता नहीं दे पायेंगे।

मेरा स्वयं से और आप सबसे बस यही आग्रह है कि हम इस तथ्य को भलीभाँति समझें। हम लोगों के चेहरे के भाव संक्रामक होते हैं, वातावरण का निर्धारण कर देते हैं, सकारात्मकता सकारात्मकता फैलाती है, भ्रष्टाचार भ्रष्टाचार फैलाता है। स्वामीजी के प्रसन्नमना चेहरे ने मन को जो शान्ति और स्थिरता दी है वह अवर्णनीय है, उसका एक प्रतिशत भी हमें अपने चेहरे पर नहीं दिखा। कितनी संभावनायें हैं कि हम सुख के स्थायी और स्थानीय स्रोत बन सकते हैं, उनके लिये, जिन पर हमारा प्रभाव है। यदि सबके लिये नहीं, तो कम से कम अपने बच्चों के लिये जो बचपन में हमें अपना नायक मानते हैं। हम न जाने किस भय में अपना नायकत्व खो देते हैं और हमारे बच्चे फिल्मी मायाजाल से प्रभावित होने लगते हैं, फिल्मी अभिनेताओं में अपने नायक ढूढ़ने लगते हैं।

माना कि हर क्षेत्र में आउटसोर्सिंग का समय है, पर समाज का यह मूलतत्व हम फिल्मों को न भेंट कर बैठें। अभिनेताओं से पाया नायकत्व कल्पनाओं में ही सुहाता है, जीवन की वास्तविक और कठिन परिस्थितियों में अपना रंग छोड़ देता है। अपनी जटिलतायें हमें स्वयं ही सुलझानी होंगी, अपने लिये चिन्तनशैली और जीवनशैली के श्रेष्ठतम बिन्दु खोजने होंगे, अनिश्चितता और अस्थिरता के भाव तजने होंगे, स्वयं पर और संस्कृति पर गर्व के सूत्र समझने होंगे तभी संतुष्टि, शान्ति और प्रसन्नता हमारे चेहरे से टपकेगी, वही भाव हम प्रसारित करेंगे।

का चुप साधि रहा बलवाना। अपनी क्षमता पहचानो हे प्रसन्नमना, प्रसन्नता बाँटो न।

24.9.11

शब्द जो थपेड़े से थे

शब्दों का बल नापा नहीं जा सकता है, पर जब उनका प्रभाव दिखता है तो अनुमान हो जाता है कि शब्द तीर से चुभते हैं, हृदय में लगते हैं, भावों को प्रेरित करते हैं, अस्तित्व उद्वेलित करते हैं। कुछ शब्दों में अथाह शक्ति थी, उन्होने इतिहास की दिशा बदल दी। पिता का वचन और राम चौदह वर्ष के वनवास स्वीकार कर लेते हैं, पत्नी की झिड़की और तुलसीदास राम का चरित्र गढ़ने में जीवन बिता देते हैं, सौतेली माँ की वक्र टिप्पणी और ध्रुव विश्व में अपना स्थायी स्थान ढूढ़ने निकल जाते हैं। शब्दों का मान रखने के लिये के लिये वीरों ने राजपाट तो दूर, अपना रक्त भी बहा दिया है। शरणागत की रक्षा के लिये अपना सब कुछ स्वाहा करने के उदाहरणों से हमारा इतिहास भरा पड़ा है।

वैसे तो कितना कुछ हम बोलते रहते हैं, सुनते रहते हैं, बातें आयी गयी हो जाती हैं। शब्दों की उसी भीड़ में कब कौन सा वाक्य आपको झंकृत कर देन जाने कौन सा वाक्य कब आप पर प्रभाव डाल दे, चुभ जाये या जीवन की दिशा बदल दे, आपको भान नहीं रहता है। वह कौन सी मनःस्थिति होती है जिस पर शब्द प्रभावकारी हो जाते हैं? भारतीय जनमानस वैसे तो सहने के लिये विख्यात है, हम न जाने कितनी बातें पचा जाते हैं पर कब शब्दों के प्रवाह हमें बहा ले जाये, इस पर बड़ी अनिश्चितता है।

जिन घरों में नित्य टोका टाकी होती है वहाँ के बच्चे इस प्रकार के शब्द-प्रहारों के प्रति प्रतिरोधक क्षमता विकसित कर लेते हैं, धीरे धीरे संवेदनशीलता कुंठित होने लगती है, किसी का कुछ कहना बहुत अधिक प्रेरित या उद्वेलित नहीं करता है उन्हें। समस्या तब आती है जब आपको पहली बार कुछ सुनने को मिलता है, आपकी संवेदनशीलता पर पहली चोट पड़ती है। याद कीजिये, आप सबके जीवन में वह क्षण आया होगा जब शब्दों ने अपनी वाक-ऊर्जा से कई गुना कंपन आपके शरीर में उत्पन्न किया होगा, आप हिल गये होंगे, आप बहुत कुछ सोचने लगे होंगे। ऐसे अवसर प्रकृति सबको देती है, भले ही कोई विद्यालय गया हो या न गया हो, जीवन की पाठशाला में कोई निरक्षर नहीं है, ऐसी परिस्थितियों और घटनाओं के माध्यम से सबकी समुचित शिक्षा और परीक्षा चलती रहती है। संवेदनशीलता यही है कि हम सदा ही सीखने और उसे व्यक्त करने को तत्पर रहें।

संवेदनशीलता यदि कुछ नयापन लाती है तो दुःख भी लाती है। जिन पर भावों का आश्रय टिका होता है, जिनसे अभिलाषाओं के सूत्र बँधे होते हैं, जिनसे आपको उत्तरों की प्रतीक्षा रहती है, उनसे यदि कुछ कठोर सा लगने वाला शब्द आपको सुनायी देता है तो आपको संभावनाओं के सारे कपाट बंद से दिखते हैं। कई अतिभावुक जन इसे सहन नहीं कर पाते हैं और बहुधा अप्रिय कर बैठते हैं। जो शब्दों का मर्म समझते हैं उनके लिये एक कपाट का बन्द होना उन प्रयत्नों का प्रारम्भ है जिसके द्वारा जीवन के उजले पक्ष खुलते जाते हैं।

भाग्यशाली हैं हम सब भाई बहन कि घर में सदा ही निर्णय लेने का अधिकार मिला है, स्वतन्त्र विचारशैली व जीवनशैली को सम्मान मिला है, माता-पिता का स्नेह-कवच सदा ही पल्लवित करता रहा है। यही कारण था कि लड़कपन तक एक हल्कापन और स्वच्छन्दता जीवनशैली में रची बसी रही। हाईस्कूल में सामान्य से अंक देख बस पिता ने यही कहा कि यदि इतनी सुविधा उन्हें मिली होती तो उनका प्रदेश में कोई स्थान आया होता। ये शब्द पूरे अस्तित्व को झंकृत कर गये, आने वाले वर्षों की दिशा निर्धारित कर गये। इण्टरमीडियेट में बोर्ड में स्थान आ गया, आईआईटी में पढ़ने का अवसर मिल गया, सिविल सेवा में चयन हो गया, जीवन में स्थायित्व भी आ गया, पर 25 वर्ष बाद भी वे शब्द स्मृति पटल पर स्पष्ट अंकित हैं।

न उसके पहले पिता ने कभी कुछ कहा था, न उसके बाद पिता ने अभी तक कुछ कहा, पर वे शब्द तो निश्चय ही थपेड़े से थे, अपने बल से आपका प्रवाह बदलने में सक्षम।