मर्यादा का मार्ग चुना था, नहीं ज्ञान था घातों का,
दिन में युद्ध लड़े जाने थे, लाभ उन्हें था रातों का।
कर्तव्यों के पंथ निरन्तर, दिशादीप संदृष्ट रहे,
नहीं कभी छलबलकृत साधन, साधे या आकृष्ट रहे।
पाले निश्चित लक्ष्य वही जो, समय और श्रमसाध्य रहे,
एकल निष्ठा संपोषित वे, जीवन भर आराध्य रहे।
पोषित संबंधों को माना, मन से बढ़कर मोल रहा,
सुख-दुख हानि-लाभ द्वन्द्वों में किंचित डांवाडोल रहा।
लोभ, छद्म, उत्कर्ष, अहं की ऊबड़ खाबड़ राहों का,
क्यों बिछोह हो तनिक कभी सम्मोह नहीं जिन चाहों का।
रिक्त हस्त आना और जाना, तब किस पर अधिकार यहाँ,
अंजलि अर्ध्य, समर्पित पुनरपि, संयत शिष्टाचार यहाँ।
सृजन शब्द अवसर आकृतियाँ, आत्मा का उत्कर्ष वही,
शुभतर, सुंदर, मधुर, सर्वगत, यात्रा का निष्कर्ष वही।
जितनी विजय हर्ष अपनायी, प्राप्त पराभव भी अपना,
स्नेहिल है कहीं अधिक मन, रूठा टूटा जो सपना।
कर्म सिद्ध कर भेजे विधि ने, उनका एकल श्रेय नहीं,
बहुधा विफल, विकल, आकुल मन, अनुभव वह भी हेय नहीं।
संशय होंगे, प्रश्न रहेंगे, जोड़ा क्या प्रारब्ध रहा?
किस निवृत्ति के यत्न सफल हैं, किस प्रवृत्ति में बद्ध रहा?
No comments:
Post a Comment