14.11.26

जय हो, जय हो


अब बच्चों को,

साथ न बाँधों,

आशाओं के,

पंख लगा दो, 

जितना नभ हो,

जितना सक्षम,

जितना चाहें,

उड़ जाने दो, 

मन में जो है,

कर जाने दो,

आशंका से,

तनिक न डोलो,

मिलकर बोलो,

जय हो, जय हो।


बहे आँधियाँ,

व्यक्त प्रकृति है,

द्रुततम, मध्यम,

मंथर गति है,

सहज संतुलन,

रिक्त भरेंगी,

बहना ही है,

निडर बहेंगी,

जो उनका है,

उनको दे दो,

बाँध रहे क्यों,

मुठ्ठी खोलो,

मिलकर बोलो,

जय हो, जय हो।


क्या भविष्य है,

मात्र कल्पना,

लगता जैसे,

पूर्ण व्यवस्थित,

जो ना जाना,

जो ना देखा,

अंधकार वह,

कहाँ उपस्थित,

स्याह घनेरा,

जो ना तेरा,

साध रहे क्यों,

चिंता छोड़ो,

मिलकर बोलो,

जय हो, जय हो।


जो लायक़ थे,

परदेशी हैं,

नालायक ही

साथ खड़े हैं,

नहीं निहारा,

जान निरर्थक,

आज उन्हींने,

हाथ गहे हैं,

उत्कर्षों की, 

दौड़ छोड़ कर,

सबके साझे,

स्वप्न पिरो लो,

मिलकर बोलो,

जय हो, जय हो।


होड़ लगी है,

जाने किसकी,

किसके हित में,

प्राण तिरोहित,

अपनों से ही,

द्वेष, बैर कर,

किस अदृश्य में,

जग सम्मोहित,

मन में कल्पित, 

किले बनाकर,

अपनों से ही,

युद्ध न खेलो

मिलकर बोलो,

जय हो, जय हो।


No comments:

Post a Comment