5.10.19

अभ्यास और वैराग्य - १४

पूर्वजों के विषयगत ज्ञान, अनुभव और गहराई से अभिभूत हूँ। जो भी विषय उठाया है उसके साथ पूरा न्याय किया है। मानवीय चिन्तन प्रक्रिया और उस पर आधारित सामाजिक संरचना हमारे पूर्वजों के सशक्त और स्पष्ट हस्ताक्षर थे। जितना समझता हूँ, मूल तक जाता हूँ, उतना ही कृतज्ञ हो जाता हूँ, उनके अद्भुत प्रयासों से, प्रश्न की जटिलता को जीवटता से निपटने की उनकी अतीव उत्कण्ठा से। गर्व का भाव बार बार आता है, अमृतपुत्र होने का भाव बार बार आता है, ज्ञान की अद्वितीय परंपरा हमारी संस्कृति का अमृततत्व है। संस्कृति को नष्ट करने का दुर्स्वप्न लिये दुष्ट संभवतः नहीं जानते हैं कि यही अमरत्व है जो संस्कृति को सुमेरू सा स्थापित किये है। एक बीज भी शेष रहा तो वटवृक्ष स्थापित कर लेगा, जहाँ भी रहे, जैसे भी रहे।

नीतिसार का एक श्लोक सामाजिक व्यवहार में उत्कृष्टता के मानक सहज ही प्रस्तुत कर देता है। मातृवत परदारेषु परद्रव्येषु लोष्ठवत । आत्मवत सर्वभूतेषु यः पश्यति सः पण्डितः ।।(जो व्यक्ति अन्य पुरुष की पत्नी को माता के समान, अन्य के धन को मिट्टी के समान, और अन्य प्राणियों को अपने समान देखता है - वह ज्ञानी है) चारित्रिक उज्जवलता के ये भाव भारतीय जनमानस में ब्रह्मचर्य के महत्व को व्यक्त करते हैं। व्यक्तित्व के औदार्य का बोध शारीरिक क्षुद्रता पर भारी पड़ता है। वैसे ब्रह्मचर्य का शाब्दिक अर्थ ब्रह्म की ओर चलना है, अध्यात्म को आत्मसात करना है, ज्ञानोपार्जन है, पर पतंजलि योग सूत्र में इसे उपस्थ इन्द्रियों के संयम तक ही सीमित रखा गया है, ब्रह्मचर्य आश्रम में पूर्ण पालन और गृहस्थ आश्रम में भी दाम्पत्य तक ही सीमित। व्यभिचार से तो समाज का ताना बाना ही ध्वस्त हो जायेगा।

अपरिग्रह का अर्थ है कि अपनी आवश्यकता से अधिक ग्रहण न करना। न्यूनतम उतना हो जिससे कार्य चल सके। जिनके पास साधन नहीं हैं, उनके पास कम वस्तुओं का होना अपरिग्रह नहीं है। साधन होने के बाद भी न उपयोग करना अपरिग्रह है। आवश्यकता और इच्छा में अन्तर समझना होगा। इच्छायें असीमित होती हैं, सबको पूरा करने की न तो सामर्थ्य होती है और न ही समय। जो वस्तु या विषय जीवन साधने के लिये अनिवार्य हैं, उनका अर्जन तो करना ही होगा। सुविधायें श्रम को कम करती हैं, कोई ऐसी वस्तु जो हमारा समय बचाये, कोई ऐसा विषय जो हमारा संशय दूर करे, ऐसी सुविधाओं को तो प्राप्त करना ही होगा। पर जब एक वस्तु से कार्य चल सकता है तो दूसरी लेना, जब छोटी से काम चल सकता है तो बड़े आकार की लेना, यह सब परिग्रह है।

वस्तुयें या विषय जीवन में अकारण ही न आयें, उनका कोई कारण हो, उनसे हमारी आत्मिक उन्नति या भौतिक अभ्युदय हो। बिना सोचे समझे गृहस्थी बढ़ा लेना, कपड़ों से अल्मारियाँ भर लेना, यह सब अन्यथा है। उन वस्त्रों का भला क्या कार्य जिनको आपने वर्षों से पहना ही नहीं, उनकी क्या उपयोगिता रही, तो फिर आपने खरीदा क्यों। पास में धन है, कोई वस्तु अच्छी लगी और खरीदने का मन कर गया, यह परिग्रह है। इस मानसिकता से बाहर आना अपरिग्रह कहलायेगा। आवश्यकता से अधिक साधन जुटाना मूढ़ता है, परिग्रही मानसिकता है।

व्यास किसी भी विषय या वस्तु के परिग्रह में ५ प्रकार के दोष बताते हैं। ये ५ दोष हैं, अर्जन, रक्षण, क्षय, संग और हिंसाविषयक। किसी भी वस्तु के अर्जन में साधन, श्रम, समय और धन आदि लगता है अतः इन संसाधनों का उपयोग परम आवश्यक के लिये ही किया जाना बुद्धिमत्ता है। अर्जित वस्तु की रक्षा भी करनी होती है, उसे सम्हाल कर रखना पड़ता है, कोई चुरा न ले, छीन न ले। यह उपक्रम भी कई आवश्यक कार्यों के स्थान पर ही होता है। वस्तु का कालान्तर में क्षय हो जाता है, पुनः उद्योग करना होगा उसको प्राप्त करने का, इसमें दुख भी होता है। उस वस्तु या विषय के साथ रहते रहते उससे लगाव हो जाता है, जो कि आध्यात्मिक उन्नति के लिये ठीक नहीं। सोते जागते आपको उसका ध्यान आता है। किसी भी वस्तु या विषय के साथ लगाव, उसके अर्जन में किसी का छीना हुआ अधिकार और उसके चोरी और क्षय में आये भाव हिंसा विषयक होते हैं। व्यास बताते हैं कि ये ५ दोष देखकर, सोचकर और सम्यक विचारकर, आवश्यकता के अनुसार ही संग्रह करना अपरिग्रह है।

अर्थोपार्जन में अत्यधिक श्रम, साधन और समय लगता है। पंचतन्त्र कहता है कि अर्थार्थी के श्रम का शतांश भी यदि मोक्ष की इच्छा करने वाला लगा दे तो उसे मोक्ष प्राप्त हो जायेगा। अर्जन, रक्षण अपने आप में दोष नहीं है, योगक्षेम तो करना ही होता है, योगक्षेम वहाम्यहम्, पर आवश्यकता से अधिक करने में और बिना किसी हेतु करने में दोष है। अपरिग्रह का अर्थ आलस्य नहीं है, अपरिग्रह किसी भी ओर से आलस्यमूलक नहीं हो सकता है। कोई भी यम या नियम आलस्य करने से हो ही नहीं सकता है, इन सब में प्रयत्न करना होता है। आलस्य से अपरिग्रह संभव ही नहीं है।

शरीर ही नहीं वरन मन और वाणी में भी अपरिग्रह करना चाहिये। अनावश्यक वाणी और विचार, दोनों ही विवाद और विषाद का विषय बन सकते हैं। पश्चिमी जगत में इस समय अपरिग्रह को मिलिमलिस्ट आंदोलन के नाम से व्यापकता से अपनाया जा रहा है। अधिकता अभिशाप बन कर आती है, आपके लिये, आपके साथ रहने वालों के लिये, जीव जन्तुओं के लिये, वातावरण के लिये, पृथ्वी के लिये। अपरिग्रह का सिद्धान्त स्वार्थ के ऊपर परमार्थ को रखने का है, शरीर के ऊपर अध्यात्म को रखने का है।

पतंजलि अपरिग्रह की सिद्धि बताते हैं। अपरिग्रहस्थैर्ये जन्मकथंतासंबोधः॥२.३९॥ (अपरिग्रह के स्थिर होने पर जन्म जन्मान्तरों का बोध हो जाता है) पहले तो यह समझ नहीं आया पर जब अपरिग्रह के सिद्धान्त को आत्मा को केन्द्रबिन्दु बना कर लगाया तो आत्मा की दृष्टि से तो यह शरीर, मन, इन्द्रियाँ, विषय आदि सभी परिग्रह हैं। इनको उस रूप में स्वीकार भर कर लेने से अपने स्वरूप को जाना जा सकता है और यह भी समझा जा सकता है कि सदियों से हम यह शारीरिक आवरण ओढ़ते आये हैं। यह सबका भान हट जाने से अपनी जन्म जन्मान्तरों की यात्रा स्पष्ट दिखायी पड़ेगी।

अगले ब्लाग में नियम।

No comments:

Post a Comment