Showing posts with label भक्ति. Show all posts
Showing posts with label भक्ति. Show all posts

19.6.21

चला भगवन पंथ तेरे

 

आज प्रभु जब निकट कुछ तेरे बढ़ा मैं,

मोह बन्धन जगत के दृढ़ खींचते हैं ।

पूछता मन प्रश्न बारम्बार निर्मम,

क्या कहूँ, जब नहीं उत्तर सूझते हैं ।।१।।

 

नहीं चाहूँ, जटिल मति के, कुटिल जग के,

तर्क अगणित बन विषों के बाण आते ।

कभी मैं बचता तुम्हारी प्रेरणा से,

किन्तु बहुधा वेदना बन समा जाते ।।२।।

 

किन्तु सुख अनुभव किया जो,

चरण में भगवन तुम्हारे ।

शब्द की अभिव्यक्ति के बिन,

छिपा रहता हृद हमारे ।।३।।

 

दर्श अदर्शन, लुप्त प्राय मति,

प्रेम-पुन्ज नवपंथ दिखा दो ।

स्थित हो जब सबमें प्रियतम,

द्वेषी जग से हृदय बचा लो ।।४।।

 

कुशल भगवन, सर्वहित प्रेरक बने हो,

तम हृदय में, प्रेम के दीपक जला दो ।

तव प्रतिष्ठा अनवरत होवे प्रचारित,

भावरस में ज्ञानपूरित स्वर मिला दो ।।५।।