Showing posts with label जल. Show all posts
Showing posts with label जल. Show all posts

26.2.14

जल और आयुर्वेद

जल और भोजन, दो ऐसे तत्व हैं, जो हम ग्रहण करते हैं और इनको आयुर्वेद के सैद्धान्तिक परिप्रेक्ष्य में समझना आवश्यक है। बहुधा जल पीने में हम प्यास को ही प्रेरक मानते हैं, जब प्यास लगी, पानी पी लिया। कब पीना, कितना पीना, कैसे पीना, इस पर कई प्रचलित मान्यतायें हैं जिन्हें सार्वभौमिक मान लिया जाता है, पर गुण और प्रकृति के अनुसार जल के प्रभाव का सम्यक ज्ञान लाभकारी है।

जलं जीवनम्
जल सभी रसों का उत्पादक है, पाचन प्रक्रिया में भोजन से जो पोषक तत्व सोखे जाते हैं, उन्हें रस कहते हैं, रसों से ही रक्त आदि का निर्माण होता है। जल वैसे तो जिसमें मिलाकर पिया जाता है, उसी के गुण ले लेता है, पर इसके अपने ६ गुण भी हैं, शीत, शुचि, शिव, मृष्ट, विमल, लघु। धरती पर आया जल वर्षा का ही होता है, समुद्र से वाष्पित जल अन्य जल स्रोतों से वाष्पित जल की तुलना में अधिक क्षारीय होता है। वर्षाकाल का प्रथम जल और अन्य ऋतु में बरसा जल नहीं पीना चाहिये। बहता जल पीने योग्य होता है, पहाड़ों और पत्थरों से गिरने से जल की अशुद्धियाँ बहुत कम हो जाती हैं। स्थिर जल के स्रोतों में वही जल श्रेष्ठ होता है जिसे सूर्य का प्रकाश और पवन का स्पर्श मिलता रहे। यदि जल मधुर है तो त्रिदोषशामक, लघु और पथ्य होता है। क्षारीय है तो कफवात शामक, पर पित्त को बढ़ाता है। कषाय हो तो कफपित्त शामक, पर वात को बढ़ाता है।

हर स्थान से निकलने वाली नदियों के जल में कोई न कोई स्थानीय दोष होता है, उसका भी वर्णन वागभट्ट ने ५वें अध्याय में किया है। गौड़, मालवा और कोंकण क्षेत्र से निकलने वाली नदियों में अर्शरोग(बवासीर), महेन्द्र पर्वत ले निकलने वाली नदियों में उदररोग व श्लीपदरोग(हाथीपाँव), सह्याद्रि और विन्ध्य से निकलने वाली नदियों में पाण्डुरोग(एनीमिया) और शिरोरोग, पारियात्र(हिन्दुकुश) पर्वत से निकलने वाला जल त्रिदोष शामक, बल, पौरुष, शक्ति को उत्पन्न करने वाला होता है। इन स्थानों पर रहने वालों लोगों में इस जल से सात्म्य हो जाता है, पर बाहर से आये लोगों में रोग होने की संभावना बनी रहती है।

मन्दाग्नि, गुल्म, पाण्डु, उदररोग, अतिसार, अर्श और ग्रहणी रोग के लोगों को जल कम पीना चाहिये। स्वस्थ मनुष्य को भी अधिक जल नहीं पीना चाहिये, किन्तु ग्रीष्म और शरद में अधिक जल पिया जा सकता है। सामान्यतः शीतल जल का निषेध है, पर मदात्यय(मदिरा से होने वाले विकार), शरीर की ग्लानि, मूर्छा, वमन, परिश्रमजन्य थकावट, भ्रम, प्यास की वृद्धि, शरीर की ऊष्णता, आहार विहार जन्य दाह, रक्तपित्त और विषभक्षण जन्य विकार, इन सबके लिये शीतल जल पीना चाहिये। उष्ण जल,  अग्निदीपक, पाचक, कण्ठशोधक, पचने में लघु, उष्ण, वस्ति का शोधक होता है। दक्षिण भारत के कई स्थानों पर भोजन के साथ गुनगुना पानी देते हैं, संभवतः उनकी परम्पराओं में यही गुण और सूत्र रहे होंगे। शीतल जल ६ घंटे में, गर्म कर ठंडा किया ३ घंटे में और गुनगुना जल १ घंटे में पच जाता है। गर्म कर ठंडे किय जल कफकारक नहीं होता है।

९० प्रतिशत रोगों का कारण हमारा पेट है। पेट में भोजन और जल ही जाते हैं। कितना भोजन किया, यह उतना महत्वपूर्ण नहीं है, जितना कि कितने प्रतिशत भोजन पचा। समुचित पाचन ही स्वास्थ्य का साधन है। कोई भी अन्न पहले सूर्य के प्रकाश में पकता है, उसके बाद रसोई में अग्नि की आँच में पकता है और अन्त में आमाशय में भी जठराग्नि में पचता है। पेट में भोजन जाते ही जठराग्नि प्रदीप्त हो जाती है और तब तक रहती है, जब तक भोजन पच नहीं जाता है। श्रमशील व्यक्ति में एक घंटा, सामान्य व्यक्ति में डेढ़ घंटा और ठंडे स्थानों में रहने वालों के पेट में दो घंटे तक यह जठराग्नि प्रदीप्त रहती है। इस समय यदि पेट में जल गया तो वह जठराग्नि को मन्द या ठण्डा कर देगा और भोजन अपच रह जायेगा। यही अपचा भोजन सारे रोगों की जड़ है, डकार से लेकर, एसिडिटी, मोटापा, रक्त अम्लता, जोड़ों का दर्द, हृदयाघात और कैंसर जैसे भीषण रोग इसके कारण होते हैं। यदि भोजन ठीक से पच गया तो कभी कोई रोग हो ही नहीं सकते हैं। भोजन के बाद वात बढ़ना संकेत है, उसे उपेक्षित न करें, वात सूक्ष्म होती है और हर अंग प्रभावित करने में सक्षम भी।

यही कारण है कि भोजन के तुरन्त बाद पिये जल को विष माना गया है। भोजन के एक घंटे पहले और डेढ़ घंटे बाद तक जल नहीं पीना चाहिये। भोजन के पहले पिया जल शरीर को कृशकाय बनाता है और बाद में पिया जल शरीर में स्थूलता लाता है। भोजन करते समय, भोजन अटकने पर एक दो घूँट जल लिया जा सकता है। दो अन्नों के सन्धिस्थान(रोटी और चावल के बीच में) पर भी एक दो घूँट जल लाभदायक होता है क्योंकि दोनों अन्नों के लिये भिन्न एन्जाइमों का स्राव होता है। यदि भोजन के साथ कुछ तरल लेना हो तो सुबह फलों का रस, दोपहर में छाछ और रात में दूध लिया जा सकता है। यद्यपि इनमें भी पर्याप्त जल होता है पर जल जिसमें मिलता है, उसके गुण ले लेता है।

पानी कैसे पियें? पानी को घूँट भर भर कर पानी पियें, जैसे गरम दूध पीते हैं। मुँह में क्षार बनता है, लगभग एक लाख ग्रन्थियाँ हैं और एक दिन में कई लीटर तक लार बनती है। पेट में अम्ल बनता है, जो पाचन में ही सहायक होता है। कहते हैं कि यदि पेट सामान्य रहे तो १०० वर्ष तक निरोग जिया जा सकता है। घूँट घूँट पिये पानी से अधिक लार अन्दर जायेगी जो पेट की अम्लता को शमित करेगी। तेज गति से पीने से भी अम्लता कम होगी पर उतनी मात्रा में नहीं। पशुओं को देखें कि वे भी ऐसे ही पीते हैं, चिड़िया बूँद बूँद पीती है, कुत्ता चाट चाट कर पीता है। लार विश्व की सबसे अच्छी औषधि है, इसको अन्दर जाते रहना आवश्यक है। पशुओं को देखिये, वे तो चाट कर अपने घाव तक ठीक लेते हैं। त्वचा के कई रोगों के लिये सुबह की लार अमृतसम है। जो लोग पान मसाला, गुटका, तम्बाकू आदि खाकर थूकते रहते हैं, उनसे बढ़ा अभागा कोई नहीं। एक ही स्थिति में थूक सकते हैं, जब कफ अधिक बढ़ा हो। तो पान खाने वाले क्या करें? पान बिना कत्था और सुपारी के साथ खायें और अन्दर ले लें। पान पित्त और कफ का नाशक है, चूना वात नाशक है, तो यह संयोग तीनों दोषों का निवारण करता है, पर पान देशी हो, तनिक कसैले स्वाद वाला।

पानी कैसा पियें? शीतल जल तो कभी न पियें, सामान्य तापमान का ही पियें, गुनगुना पानी पियें। पेट में ठंडा पानी जाने से शरीर का तापमान कम होता है और पेट में ऊष्मा पहुँचाने के लिये सारा रक्त पेट की ओर बहता है तो शरीर अपनी पूरी क्षमता से कार्य नहीं करता है। अधिक ठंडा पीने वालों को कब्ज की भी समस्या रहती है, क्योंकि ठंडे पानी का पृष्ठतनाव(सर्फेस टेंशन) अधिक रहता है, उससे आँतें संकुचित हो जाती है और मल का प्रवाह रोकती है।

सुबह उठते ही पानी पियें, बिना कुल्ला किये हुये, इसे ऊषापान कहते हैं। यदि ताँबे के बर्तन में रात भर का रखा जल हो तो अच्छा, नहीं तो जल गुनगुना कर लें। मात्रा लगभग एक लीटर, घँूट घूँट कर और धीरे धीरे। रात भर सोते समय सारी क्रियायें शिथिल हो जाती हैं, पर लार बनने की प्रक्रिया चलती रहती है, ब्रह्ममुहूर्त में बनी लार सर्वोत्तम होती है। इस लार का उपयोग चिकित्सा के लिये भी होता है। डायबिटीज के रोगियों के घाव ठीक करने में यह लार बड़ी उपयोगी होती है। चश्मे उतारने के लिये सुबह की लार आँखों में लगाने से अद्भुत लाभ हैं। लार में वह सब कुछ है जो माटी में है, जो शरीर में है, यही कारण है कि त्वचा में लगे दाग आदि भी इस लार से चले जाते हैं।

पानी खड़े होकर कभी न पियें, सदा ही बैठकर पियें, कहते हैं कि खड़े होकर जल पीने से गठिया आदि रोग हो जाते हैं। भार के अनुसार पानी पीना चाहिये। अपने वजन को दस से भाग देकर उसमें दो घटा दें, उतना लीटर पानी एक दिन में पिये, ७० किलो के व्यक्ति के लिये ५ लीटर। प्यास एक वेग भी है, कभी न रोकें, शरीर में जल की कमी होते ही वह रक्त से वह कमी पूरी करने लगता है।

जल जीवन है और जीवन का यह रूप जानना आवश्यक है। अगली पोस्ट में भोजन और आयुर्वेद।

चित्र साभार - www.h2o2.com

11.7.12

पानी का व्यापार

सावन आया है, ग्रीष्म की पूर्ण तपन के बाद। कितनी घनी प्रतीक्षा, हर दिन की आस, कि आज बरसें शीतल फुहारें, कि आज टूटे तपन की श्रृंखला। पानी बरस रहा है, कहते हैं कि कम बरस रहा है, कारण पता नहीं, संभवतः मानसून का जोर कम चल रहा है। पता नहीं इस बार पर्याप्त रहेगा कि नहीं, पता नहीं कि इस बार फसल अच्छी होगी कि नहीं? फसल कम अच्छी हुयी तो अन्न की आपूर्ति कम होगी, माँग बनी रहेगी क्योंकि जनसंख्या की फसल तो किसी भी वर्ष विफल हुयी ही नहीं है। माँग और आपूर्ति का भारी अन्तर मँहगाई बढ़ायेगा, और तपन बढ़ेगी, ग्रीष्म की तपन से भी तपी, सावन पुनः प्रतीक्षित रहेगा।

बड़ा जटिल संबंध है, तपन का सावन से, सावन का जल से, जल का जन से और जन का तपन से। त्राहि त्राहि मच उठती है जब सावन रूठता है, हम असहाय बैठ जाते हैं, अर्थव्यवस्था के मानक असहाय बैठ जाते हैं, गरीबों के चूल्हे असहाय बैठ जाते हैं। बड़ा ही गहरा संबंध है, सावन की बूँदों में और हमारे आँखों और पसीने की बूँदों में। सावन की बूँदें या तो सागर को भरती हैं या पृथ्वी के गर्भ के जल स्रोत को, एक खारा एक मीठा। एक सीधा सा सिद्धान्त तय मान कर चलिये, आप सावन की बूँदों को जितना खारापन देते हैं, सावन की बूँदें आपको उतना ही खारापन वापस करती हैं, पसीने के रूप में, आँसू के रूप में। आप सावन की बूँदों को जितना मीठापन देंगे या कहें जितना उसे पृथ्वी के गर्भ में जाने देंगे, उतनी ही मिठास आपके जीवन में भी आयेगी।

पानी का चक्र बड़ा ही सरल और सुलझा है, पृथ्वी से जितना जल वाष्पित होता है, वह सारा जल पृथ्वी पर ही कहीं न कहीं जाकर बरस जाता है, आसमान अपने पास कुछ नहीं रखता है। ९० प्रतिशत से अधिक वाष्पन सागर से होता है, शेष दस प्रतिशत पृथ्वी के पेड़ पौधों, झील नदियों आदि से होता है। कुल वाष्पन का लगभग ७७ प्रतिशत सागर पर ही बरस जाता है, शेष २३ प्रतिशत हवाओं के माध्यम से जमीन पर बरसता है। यह बरसा हुआ जल पर्वतों पर बर्फ के रूप में, पृथ्वी के अन्दर भूगर्भ जल के रूप में, झीलों और तालाबों के रूप में एकत्र होता है, शेष नदियों की धाराओं के माध्यम से पुनः सागर में मिल जाता है। बर्फ के रूप में एकत्र जल भी नदियों को वर्ष भर पानी देता रहता है और अन्ततः सागर में मिल जाता है।

कुल मिलाकर हाथ में रहता है, भूगर्भ जल, झीलों का जल और नदियों का जल। नदियों के आसपास का सारा जल नदियों में ही आकर मिलता है। नदियों का जलग्रहण क्षेत्र बड़ा होता है और उसमें साधारणतया कोई झील आदि नहीं होती है। नदियों के दोनों ओर ४-५ किमी तक के क्षेत्र का भूगर्भ जल नदियों के द्वारा ही भरा जाता रहता है। यदि नदियाँ सूखेंगी या उनमें कम पानी रहेगा तो भूगर्भजल उतना ही नीचे चला जायेगा। झीलों और तालों का जलग्रहण क्षेत्र अधिक बड़ा नहीं होता है पर वह भौगोलिक रूप से अपने आसपास के क्षेत्रों की तुलना में सबसे नीचे होती हैं। झीलें भी भूगर्भजल को सतत भरती रहती हैं। जब बरसात में नदियों का जल बह जाता है, जब उपयोग में लाते लाते झील और ताल भी सूख जाते हैं, तब हमारे पास भूगर्भ जल का ही आश्रय होता है। यदि कहा जाये तो भूगर्भजल हमारे गाढ़े समय के लिये का जल है।

भूगर्भजल की उपलब्धता लगभग उतनी ही है जितने पृथ्वी के उपर जमे हुये हिमखण्ड, यही हमारी जमापूँजी है। सावन का जल आता है, बह जाता है, हम प्रयास कर उसे पूरा नहीं समेट पाते हैं। बाँध बनाते हैं, नहर निकालते हैं, खेतों को पहुँचाते हैं, फिर भी पर्याप्त नहीं पड़ पाता है वह सबके लिये, उन क्षेत्रों के लिये भी नहीं जो नदी के आसपास हैं। झीलें भरती हैं, कुछ महीनों में उनका भी जल स्तर नीचे आ जाता है, दैनिक उपयोग और सतत वाष्पन उन्हें भी सुखा देता है। तब शेष रहता है भूगर्भजल, जो कि पृथ्वी के अन्दर सदियों से एकत्र हो रहा है, जो कुँओं के माध्यम से हम तक आता है।

एक व्यापारी क्या करता है? जो संसाधन सबसे पहले उपस्थित रहते हैं और पहले विलुप्त होने वाले होते हैं, उनका समुचित उपयोग करता है, एक योग्य व्यापारी। जो संसाधन गाढ़े समय में काम आते हैं, उन्हें सोने की तरह सम्हाल कर रखता है और विपत्ति के समय ही उपयोग में लाता है। हर बार वह अपना संचय बढ़ाता रहता है औऱ अपने व्यापार का विस्तार भी करता रहता है।

हमें क्या हो गया है? जिन नदियों में जल बहना था, जिनका उपयोग पानी पीने और दैनिक आवश्यकताओं में अधिक करना था, वो आज सूख रही हैं। सारी की सारी मुख्य नदियाँ कृशकाय सी दिखती हैं, पता नहीं उनका जल कहाँ सोख लिया जाता है? जिन नहरों से जुड़कर खेती को पानी मिलता था, उन नहरों में इतनी मिट्टी जम गयी है कि वहाँ बच्चे क्रिकेट खेलते हैं। वर्षा के समय जल का प्रवाह हमसे सम्हाले नहीं सम्हलता है और सारा का सारा जल सागर में समा जाता है। नदियों के सूखने से आपपास के भूगर्भजल का स्तर सैकड़ों फीट नीचे चला गया है। यदि उन नदियों में कुछ बहता है तो वह शहरों और फैक्ट्रियों का मल बहता है, ऐसा कूड़ा कि देखकर मन पीड़ा से भर उठता है। जल के प्रवाह को हमने क्या से क्या कर दिया, इस प्रश्न का उत्तर अपनी संततियों को देना कठिन हो गया है हमें।

यदि झीलें ही बची रहती तब भी यत्र तत्र पानी एकत्र होकर भूगर्भजल को भरता रहता और अन्य कार्यों में भी उपयोग में आता। बंगलोर में कभी ४५० झीलें हुआ करती थीं, जनसंख्या के दवाब ने नगर के अन्दर भूमि के मूल्य अधाधुंध बढ़ा दिये और भूमि माफियाओं ने झीलें सुखा कर उस पर कब्जा करना प्रारम्भ कर दिया। अब ६०-७० ही झीलें शेष बची हैं और वे भी अपनी मृत्यु की प्रतीक्षा में हैं। झीलें जो पूरे नगर के जल आवश्यकता पूरी करने में सक्षम थीं, आज अपने लिये भी जल नहीं जुटा पा रही हैं। नगर को कावेरी नदी का जल दिया जा रहा है, वह भी लगभग १०० किमी पंप करके। हर वर्ष झीलों में जल न आने से भूगर्भजल का स्तर १०० फीट से ५०० फीट तक जा चुका है। जिस नगर में पहले कहीं पानी भरता नहीं था, उस नगर को हर वर्षा के बाद सड़कों पर कीचड़ के अंबार सहने पड़ते हैं।

हर छोटे बड़े नगर की यही कहानी है, भूगर्भजल को हम प्राथमिक स्रोत मानकर बैठे हैं और पंप लगाकर अधाधुंध दोहन कर रहे हैं। जिन स्रोतों से उनमें पानी जाना था, उन्हें विधिवत सुखा रहे हैं और वर्षा की हर बूँद का संरक्षण जो हमारा कर्तव्य था, उसे व्यर्थ ही बह जाने दे रहे हैं।

यह कैसा पानी का व्यापार है? पानी की जो संस्कृति पनप रही है, उसे देखकर तो लगता है कि पानी भी उपभोग की वस्तु बन गयी है, जब तक उलीच सकें उलीच लें, आने वालों के लिये कुछ न छोड़ें। प्रकृति ने सदा ही कृपा बरसायी है, हमने उसे लूट में बदल दिया है। नदियाँ और जल के स्रोत जो हमारे आराध्य थे, इसलिये नहीं कि उनमें किसी देवी का वास है, इसलिये क्योंकि जल हमारे लिये जीवन का पर्याय है और जीवनदायिनी सदा ही आराध्य होती है।

पानी के व्यापार में हम हर बार प्रकृति के साथ छल करते हैं, अधिक रख लेते हैं, कम देते हैं, मूल्य न समझ व्यर्थ कर देते हैं। कभी प्रकृति ने छल किया तो हमारी सभ्यता जल के लिये युद्ध करते करते समाप्त हो जायेगी और हम पानी के व्यापार में सब लुटा बैठेंगे।