Showing posts with label आत्मविकास. Show all posts
Showing posts with label आत्मविकास. Show all posts

22.9.10

चार प्रभातीय अध्याय

वैवाहिक जीवन की सीमायें आपको बहुत अधिक बहकने नहीं देती हैं, किसी भी दिशा में। जब मुझे अपने मानसिक ढलान को रोकने के 21 दिवसीय प्रयास सफल होते दिख रहे थे, श्रीमती जी की आपत्ति, सीमा बना कर ठोंक दी गयी। आप तो स्वयं युवा होते जा रहे हैं, पर मेरा क्या? क्या करना है? सुबह सुबह टहलने चलते हैं फ्रीडम पार्क, साथ साथ, नित चार चक्कर, कुल 4 किलोमीटर, बस केवल 21 दिन के लिये। इतने निश्चय व आत्मविश्वास के सम्मुख मेरी कई व्यस्ततायें और तर्क ध्वस्त हो गये।

जब तेज चलने वाले को, किसी का साथ देने के लिये धीरे धीरे चलना पड़े तो शाऱीरिक व्यायाम तो असम्भव ही है पर मानसिक व्यायाम में कहाँ के पहरे लगे हैं? पिछले कई दिनों में चार चक्करों के मंथन में विचारणीय अवलोकन जन्म ले रहे हैं। आज सब के सब साथ में उपस्थित थे। आईये, एक एक कर के देखते हैं।

पार्क के बाहर ही एक खुले मैदान में टेन्ट लगा है। पर्युषण पर्व पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रवचन सुन रहे हैं। बाहर विविध प्रकार के व्यंजन मेजों पर सजे हैं, भण्डारे की तैयारी है। उन पर अलिप्त सी दिखने वाली संलिप्त दृष्टि डाल कर पार्क में टहलना प्रारम्भ कर देता हूँ। पहले चक्कर में श्रीमती जी की महत्वपूर्ण सी लगने वाली कई बातों पर हाँ, हूँ तो किया पर मन उसी भण्डारे पर टिका रहा। सुबह सुबह प्रवचन का इतना कैलोरिफिक उत्सव?

दूसरे चक्कर के प्रारम्भ में ही एक युवा युगल दिखता है, अविवाहित क्योंकि उनके चेहरे पर भविष्य को लेकर असमंजस स्पष्ट था। पिछले कई दिनों से नित अपनी समस्याओं के भँवर में डूबते उतराते दिख रहे हैं दोनों। प्रेम विवाह के इस उबड खाबड़ रास्तों से हम तो बचे रहे पर सुबह सुबह उन्हें वहाँ देख दो विचार ही मन में आये। पहला, घर में क्या बोल कर आते होंगे, संभवतः स्वास्थ्य बनाने। दूसरा, कितने भाग्यशाली हैं कि रात में एक दूसरे को स्वप्नों में निहार कर सुबह पुनः उसे मूर्त रूप देने में लग जाते हैं।

तीसरे चक्कर में एक विदेशी दिखते हैं, दौड़ लगा रहे हैं। यहाँ किसी बैठक में आये होंगे क्योंकि उन्हे पहली बार ही देखा है। दिन प्रारम्भ करने के पहले शरीर पर ध्यान देना एक गुणवत्तापूर्ण जीवन का पर्याय है। उन्हें देख कर हमारी भी दौड़ने की इच्छा बलवती हुयी पर तुरन्त अपनी भूमिका का भान होता है और हम अपनी चाल ढीली कर पुनः मानसिक व्यायाम में उतर जाते हैं। सुबह की दो विभिन्न गतियों पर मन बहुत देर तक खिंचा रहा।

चौथे चक्कर में, पाँच लड़कियों को देखता हूँ, पिछले कई दिनों से देख रहा हूँ, सप्ताहान्त को छोड़कर। निश्चय ही आसपास के किसी कॉलेज से होंगी। कॉलेज खुलने से पहले का समय पार्क की शीतल हवा में व्यतीत करती हैं और कहीं बेंच पर बैठ कर या तो बातें करती हैं या कोई पुस्तक पढ़ती हैं। प्राकृतिक वातावरण में और सुबह की ग्राह्य वेला में समय का सुन्दर उपयोग। मुझे भी पुस्तक पढ़ना अच्छा लगता है सुबह सुबह पर श्रीमती जी के सामने उस विषय पर दी टिप्पणी व दिखायी गयी उत्सुकता घातक हो सकती थी अतः अन्यत्रमना से प्रतीत होते हुये टहलते रहे।

कारसेवा कर वापस आते समय तक भंडारा प्रारम्भ हो चुका था। कई पकवान दिख रहे थे। कदम ठिठके, सोचा कि घुल मिल लेते हैं क्योंकि चेहरे से पूरी तरह अहिंसक और निर्लिप्त जैनी लग रहे थे। आशाओं को अर्धांगिनी का समर्थन न मिलने से अर्धमना होकर रह गये।

घर पर पाँचवाँ अध्याय प्रतीक्षा में था।

ब्लॉगिंग का। हमें तो आपका ही सहारा है।

28.8.10

21 दिवसीय महाभारत

21 दिन पहले मानसिक ढलान को ठहरा देने का वचन किया था, स्वयं से। वह वचन भी नित दिये जाने वाले प्रवचनों की तरह ही प्रभावहीन निकल गया होता यदि उसमें रॉबिन शर्मा की 21 दिवसीय सुधारात्मक अवधि का उल्लेख न होता। जिस समय 21 दिन वाले नियम का उल्लेख कर रहा था, खटका उसी समय लगा था कि कहीं अपनी गर्दन टाँग रहा हूँ। पहली टिप्पणी से ही पोस्ट का फँसात्मक पहलू उभर उभर कर सामने नाचने लगा। सायं होते होते पूरी तरह से लगने लगा कि प्रवीणजी आप नप चुके हैं, अब या तो 21 दिन बाद अपने वचन पालन न करने का क्षोभ सह लें या परिश्रम कर ससम्मान निकल लें। ब्लॉगजगत तो इसे भूल न पायेगा और पोस्ट तो लिखनी ही पड़ेगी। झूठ बोलना हो नहीं पायेगा क्योंकि वह आने वाली पोस्टों के हर शब्द को कचोटता रहेगा। निश्चय किया कि एक सार्थक प्रयास तो किया ही जा सकता है।

लगभग तीन वर्ष पहले जब रॉबिन शर्मा को पढ़ना प्रारम्भ किया था, उनकी सरल शैली व प्रभावी संदेश-सम्प्रेषण पर मुग्ध था। भारतीय संस्कृति के आधार पर विश्व के प्रखरतम साहित्य को कहानी का रूप प्रदान कर प्रस्तुत कर सकना कोई सरल कार्य नहीं। उनके नायकों के द्वारा शीर्ष पर पहुँचकर भी आध्यात्मिक निर्वात का अनुभव पुस्तकों को प्रथम पृष्ठ से ही रुचिकर बना देता है। युद्धक्षेत्र की जैसी स्थितियों में ज्ञान देने की प्रथा हमारी संस्कृति में पुरानी है। ऐसा ज्ञान समझ में भी बहुत आता है क्योंकि सुख में तो ज्ञान पाने का समय किसी के पास होता ही नहीं है।

उनकी सारी पुस्तकें पढ़ डालीं, विशुद्ध ज्ञान के रूप में। शरीर को तनिक भी पीड़ा देने की बात पर पृष्ठ पलटते पलटते स्वयं के ऊपर एक ऋण सा लगने लगा था। जब 21 दिन पहले स्वयं को घिरा पाया तो रॉबिन शर्मा के ऋण को अपने कर्म से उतारने का भार मेरे निश्चय को गुरुतर बना गया।

रणभेरियाँ बज चुकी थीं। मेरा रण द्वापरयुगीन महाभारत से 3 दिन अधिक का था। न सारथी कृष्ण, न धर्मराज युधिष्ठिर और न ही मेरा अर्जुन समान प्रशिक्षण। सम्मुख क्रूरतम शत्रु, मेरा मन। गीता के दो श्लोकों में इस शत्रु के बारे में जानकर कुछ और विश्लेषण करना शेष नहीं रह गया था। उपाय एक ही था, अभ्यास। हर कार्य उत्साह से करने का अभ्यास, हर कार्य नियमित करने का अभ्यास।

इस अवधि में नियमित शारीरिक श्रम किया। बैडमिन्टन कोर्ट में प्रकाश पादुकोन जैसा खेल न दिखा पाने की झुँझलाहट में मैकनरो जैसा स्वयं पर किया गया क्रोध मेरी आयु भले ही न कम कर पाया हो पर 21 दिनों में मेरे खेल के स्तर को उत्तरोत्तर बढ़ाता गया। बच्चों को अधिकाधिक समय देने से दिल तो सच में बच्चा जैसा अनुभव करने लगा। बिल्लियाँ और कुत्ते मेरे बदलाव से प्रसन्न होने के भाव अपनी मुद्राओं से व्यक्त करने में सक्षम दिखे। तीन फिल्में देखीं और एक पुस्तक पढ़ी। कार्यालय में प्रकल्पों को गति दी और दोनों बच्चों के विद्यालय गया अभिभावक बैठकों में भाग लेने।

दो घटनायें जो मानसिक ढलान को रोक देने की प्रक्रिया में अग्रणी रहीं, मात्र भाग्यवश ही इस अवधि में टकरा गयीं। पहली थी फूलों की प्रदर्शनी जिसमें सपरिवार जाकर मन प्रफुल्लित हो उठा और उनके सौन्दर्य व भाव सम्प्रेषण में कई दिनों तक अटका रहा। मन को सार्थक रूप से उलझा देने से उसके ऋणात्मक पहलू का उभरना कम होने लगता है और वह आपके आनन्द में मगन रहता है। दूसरी थी स्टेज पर जाकर तीन गाने गाने की घटना। वे गाने थे, फूलों के रंग से, ओ हंसिनी और किसी की मुस्कराहटों पे हो निसार। गाना भले ही इंडियन आईडियल की तरह न गाया हो पर गाया पूरे मन से।

निर्णय कर लिया था कि एक एक दिन पूरा जीना है उत्साह के साथ। और जिया भी।

विजयोत्सव मनाने का समय नहीं है पर इतना आत्मविश्वास अवश्य आ गया है कि मानसिक ढलान पूर्णतया रोका जा सकता है।

धन्यवाद, खूँटी पर टाँगने वाले ब्लॉगर-शुभचिन्तकों को और रॉबिन भाई को।

जय हो। 

31.7.10

मेरे कुम्हार

यूँ तो जीवन में जो भी मिला कुछ न कुछ सिखाता गया। प्रारम्भ माता पिता से किया और सम्प्रति बच्चों से सीख रहा हूँ। बीच में पर व्यक्तित्वों की एक श्रंखला है जो ढालते गये गीली मिट्टी को एक उपयोगी पात्र में, रौंद कर अनुशासन तले, अभ्यास के चाक में बार बार घुमाकर, विकारों को ठोंक पीट कर और तप की आग में तपा कर। यद्यपि मिट्टी को यह बर्ताव उस समय नहीं सुहाता है पर जब एकान्त में निर्विकार चिन्तन होता है तब उन कुम्हारों को बहुत याद करता होगा पात्र। बिन उनके तो वह बना रहता लोंदा, मिट्टी का, पृथ्वी पर भार।

कुम्हार को क्या पड़ी है, हाथ गन्दा करने की? क्या पड़ी है बार बार ध्यान दे देकर अपना समय व्यर्थ करने की? क्या पड़ी है बर्तन के साथ स्वयं तपने की? क्यों उलझ गये मेरे लोंदीय अस्तित्व से? मुझे पड़ा रहने देते, मैं जैसा था। कह देते कि यह मिट्टी किसी योग्य नहीं है। कह देते कि इसमें सुपात्र तो क्या, पात्र बनने की भी योग्यता नहीं है। कह देते कि व्यक्तित्व के अनियमित उभार यूँ ही वक्र रहेंगे और खटकते रहेंगे समाज की दृष्टि में। न भी घ्यान देते तो भी उनकी जीविका चल रही थी और चलती रहती, मैं पड़ा रहता मिट्टी के ढेर में एक और लोंदे सा।

यह मेरा प्रारब्ध था या उनका स्वभाव। मेरी लालसा थी सीखने की या उनकी उत्कण्ठा अधिकाधिक बताने की। तथ्यों पर मेरी ध्यान न देने की प्रवृत्ति पर उनकी ध्यान दिलाने की आवृत्ति अधिक भारी पड़ी। हठ मेरा न सुधरने का या विश्वास उनका कि यह सुधरकर रहेगा। मैं टोंका जाता गया, मेरा विरोध, अनमनापन, आलस्य बार बार टोंका गया। जब समझने योग्य बुद्धि हुयी तब कहीं मेरे कुम्हारों को जाकर विश्वास हुआ कि अब यह योग्य है और तब ही मुझे छोड़ दिया गया समाज में अपना अनुभव-घट स्वतः भरने के लिये।

उनकी याद मुझे दर्पण में अपनी आँखें देखकर ही आ जाती है। आँखों की गहराई में बस गया स्थायी इतिहास सहसा बात करने लगता है। एक एक तथ्य बोलते हुये निकल कर सामने आने लगते हैं।

बचपन मेरा और 'बुढ्ढे मास्साब' की वृद्धावस्था। मेरी चंचलता पर उनका धैर्य भारी पड़ा। कुम्हार जाति के थे, संभवतः तभी उनको आता था कि इस लोंदे को कैसे गढ़ना है, धैर्यपूर्वक। हाथ में कलम पकड़ाकर एक एक अक्षर लिखना सिखाया। आज जब कोई महत्वपूर्ण निर्णय लिखता हूँ फाइलों पर तो मुझे मेरे बुढ्ढे मास्साब का हाथ अपने हाथों में धरा प्रतीत होता है।

विद्यालय में आया तो अध्यापकों का हर माह घर आना याद आता है। पूरे माह इस दिन की प्रतीक्षा यह जानने के लिये करता था कि कहीं अनजाने में कोई भूल तो नहीं हो गयी।

कानपुर पढ़ने छात्रावास में आया तो एक अध्यापक मिले, मराठी। बाहर से बड़ी सी डरावनी दाढ़ी और अन्दर से उतना ही मृदुल हृदय। अनुशासनप्रिय। छात्रावास में रहने के बाद भी क्या हिम्मत कि बिना पूछे बाहर जाकर चाट खा आयें। बहुत दिनों तक अखरता रहा यह अनुशासन पर अब वही एक संचित कोष लगता है उन क्षणों का जिसमें मेधा ने विकास की अँगड़ाई ली।

कई अध्यापक जो समाज के सभी भागों का प्रतिनिधित्व करते थे, निस्वार्थ भाव से मेरे ज्ञानकोष में अपने अनुभव का अंबार उड़ेल कर चले गये, बार बार समझा कर, बार बार डाँट कर, इस पात्र को आकार दे गये।
  
गढ़े जाने का क्रम बना रहा, समाज ने जितना सिखाया, उतना सीखता रहा, सबसे सीखा। संभवतः आज की राजनीति का प्रभाव न था मेरे ऊपर, संभवतः सारे भेद ज्ञान से निम्न जान पड़ते थे मुझे। कई राज्यों के ऋण हैं मेरे ऊपर मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, उड़ीसा, झारखण्ड, बिहार, उत्तरप्रदेश और अब कर्नाटक। हर संस्कृति ने व्यक्तित्व में कुछ न कुछ जोड़ा ही है।

मुझे अपनी आँखों में जाति, भाषा, राज्य और धर्म से परे कुम्हारों की श्रंखलायें दिखायी पड़ती हैं। अब कोई मुझसे किसी एक का पक्ष लेने की मानसिकता सिखाये तो मैं अपने कुम्हारों को क्या उत्तर दूँगा? कैसे उनकी आकांक्षायें अपने बर्तन से हटाऊँगा? हटाने से मेरे व्यक्तित्व में वह छेद हो जायेगा जिससे मेरा अस्तित्व ही बह जायेगा, इन संकीर्ण नालियों में।

17.7.10

दिन और जीवन

मुझे एक दिन में एक जीवन का प्रतिरूप दिखता है। प्रातः उठने को यदि जन्म माने और रात्रि सोने को मृत्यु तो पूर्वाह्न, अपराह्न और सायं क्रमशः बचपन, यौवन व वृद्धावस्था के रूप में प्रकट हो जाते हैं। इस समानता का दार्शनिक अर्थ निकाला जा सकता है, इसे वैज्ञानिकता से सुस्पष्ट करना रोचक हो सकता है पर इसका कोई व्यवहारिक संदेश भी है, यह प्रश्न कभी कभी चिन्तन को कुरेदने लगता है।

दिन और जीवन दो काल खण्ड हो सकते हैं पर अन्तर्निहित समानता उनके संबन्धों को उजागर कर जाती है। सृष्टिकर्ता के पास सम्भवतः समय के विषय में और ढाँचे उपलब्ध न हों। शास्त्रों में तो मृत्यु को भी अगले जन्म के पहले की नींद ही कहा गया है।
 
दार्शनिक पक्ष ऊबाऊ हो सकता है, आइये व्यवहारिकता देखते हैं।

एक दिनचर्या जीवन का निर्माण कैसे करती है और उसी प्रकार जीवन के विशिष्ट कार्य हमारे दिनों के कैसे गढ़ते हैं, समानता के सम्बन्ध का यह पहला व्यवहारिक प्रश्न होगा।

एक बार आराधना जी ने नियमितता और निरन्तरता के छत्ते को छेड़ा था। मैने पहले कुछ समझाने का प्रयास किया पर स्वयं संतुष्ट न होने पर समझने की गली में मुड़ गया।

डाo आराधना उवाच

रौ में मैं उवाच
नियमितता निरन्तरता का व्यवहारिक रूपान्तरण है। कई अर्थों में जब हम दिन को जीवन का प्रतिरूप बना जीने लगते हैं तो वही नियमितता हमारी निरन्तरता का प्रतीक बन जाती है। निरन्तरता उससे कहीं व्यापक मानता हूँ मैं। लक्ष्य निर्धारित करके उन्हे पाना और उसी दिशा में और ऊँचे लक्ष्यों का निर्धारण निरन्तरता का द्योतक है। बड़े कालखण्डो पर विजय की ध्वजा निरन्तरता ने फैलायी है।.........

अब ज्ञान झोंककर निकल जाना कठिन नहीं है पर उससे मन हटाकर रह पाना कठिन हो जाता है। विचार लखेदे रहा और निष्कर्ष रूप में यह पोस्ट जन्म ले रही है।

ग्रेसाम के योजना के नियम की मानें तो यदि नियमित कार्यों पर अधिक ध्यान दिया जायेगा तो जीवन के विशिष्ट कार्य पीछे छूट जायेंगे। या दूसरे शब्दों में कहें तो सूक्ष्मदर्शिता दूरदर्शिता को उभरने नहीं देती है।
उसी प्रकार यह भी सत्य है कि जीवन के विशिष्ट कार्य एक दिन में नहीं किये जा सकते।

अब कौन ठीक है, ग्रेसाम जी, डा आराधना या अन्जाने में मैं?

आपके मन में भी यह प्रश्न तो उठता होगा।

आपके विचार कोई राह अवश्य ही ढूढ़ लेंगे इस समस्या की पर मुझे तीनों में कोई विरोधाभास नहीं दिखता है, यदि निर्णय इस प्रकार लिया जाये।

दिन जीवन का प्रतिरूप है अतः जीवन के विशिष्ट कार्यों का दिनचर्या में उपस्थित रहना आवश्यक है। यह नियमितता होगी हमारे जीवन के उद्देश्यों की। बड़े कार्यों में कई कार्यश्रंखलाओं का समावेश होता है अतः वह क्रम हमारी निरन्तरता निर्धारित करेगा। यदि हमें जीवन में पाने योग्य वस्तु पर दैनिक या साप्ताहिक ध्यान नहीं जाता है तो आप मान कर चलिये कि वह आपकी पकड़ के बाहर जा चुकी है। इन कार्यों का पहला अधिकार दिन के समय में, शेष कार्य आगे पीछे अपना स्थान ढूढ़ ही लेते हैं दिन में। अपने जीवन को दिन में जीने का प्रयत्न करें, दिन से जीवन का निर्माण सब करते हैं।

आपके 5 प्रमुख उद्देश्य क्या हैं? वो आज किये हैं? तब! अच्छा अभी नहीं पर आज अवश्य कर लीजियेगा।