कहीं पर कोलाहल से दूर,
टूटकर मैं थकान से चूर,
सिमट कर अपने में भरपूर,
बैठकर जीवन पर कुछ सोच रहा मैं,
भूतकाल को खोद रहा था ।।१।।
न जाने उलझ गयी थी डोर,
व्यथा का अनुपस्थित था छोर,
विचारों का प्रवाह घनघोर,
किन्तु बन नाविक फिर भी जूझ रहा मैं,
तटबन्धों को ढूढ़ रहा था ।।२।।
रुका था जीवन था स्तब्ध,
वाक्य से छूट रहे थे शब्द,
चित्त की दशा शून्य आबद्ध,
तथ्य को अन्दर से कुछ समझ रहा मैं,
बाहर से कुछ बोल रहा था ।।३।।
समय का था प्रवाह विकराल,
और थे जीवन में जंजाल,
शून्य सी थी विकास की चाल,
फिर भी वर्तमान को छोड़ रहा मैं,
नये स्वप्न कुछ जोड़ रहा था ।।४।।
स्वप्न कुछ करने थे साकार,
किन्तु कुछ का धुँधला आकार,
सकल असमंजस का विस्तार,
पग एक पथ पर बढ़ा रहा मैं,
दूजे पथ की सोच रहा था ।।५।।
हर जगह मानव है आहार,
मनुज-बलि से सिंचित संसार,
वनों में सिंहों की भरमार,
मन के मृग को बचा रहा मैं,
आश्रयदाता खोज रहा था ।।६।।