6.2.21

मित्र - ६(विद्यालय और नियति)

विजय विद्यालय में मेरे प्रथम मित्र थे, २ फरवरी को उनका जन्मदिन था और हम सभी पुनः गूगल मीट पर बैठे थे। व्यस्तता के कारण सब नहीं आ पाते हैं पर जितने भी मित्र रहते हैं, उन्ही के बीच चर्चा का एक विशेष क्रम चल जाता है। उन घटनाओं की चर्चा जिनके बारे में अन्यथा कभी पता ही नहीं चलता। कभी वह स्वयं या कभी कोई मित्र ऐसे विशिष्ट तथ्य बता देता है जो इतने लम्बे समय में बिसरा गये थे या जीवन के अतिमहत्वपूर्ण पड़ावों में छिप से गये थे। “याद है जब तुमको वहाँ पर…” से प्रारम्भ होता हुआ, स्मृति की एक एक परत खोलता हुआ, आनन्द और आश्चर्य से तृप्त करता हुआ, “अच्छा तुमने यह किया…” पर सिमटता हुआ। एक अद्भुत सुख मिल रहा है हम सबको। मनीष के इन प्रयासों को ईश्वर सदा ऊर्जा और उत्साह से परिपूर्ण किये रहे, सबके लिये रोचक बनाये रखे।

मनीष के एक प्रश्न पर, कि कौन सा वह कारण था जिसने आपको दीनदयाल विद्यालय में आने को प्रेरित किया, विजय के साथ हुआ घटनाक्रम सबसे भिन्न और निराला था। कक्षा ३ में विजय जिस विद्यालय में पढ़ते थे वह उनके घर के निकट था। विद्यालय में घट रही सारी गतिविधियाँ उनकी छत से दिखती थीं। एक दिन विजय की माँ देखती हैं कि किसी अध्यापक द्वारा विजय की पिटाई हो रही है। सायं पूछा गया कि क्या उत्पात किया था कि दण्ड मिल रहा था। उत्तर वही था जो हम सबके साथ कभी न कभी घटित हुआ था, कि हमने कुछ नहीं किया था, सबके साथ हम भी कूटे गये। अगले दिन उस विद्यालय को छोड़कर विजय को सरस्वती शिशु मन्दिर में डाला गया और दीनदयाल विद्यालय के संपर्क में होने से कक्षा ६ की प्रवेश परीक्षा में बैठना हो गया।


कहते हैं कि एक तितली के पंख हिलाने से सुनामी आ जाती है, विजय के कारण में तो फिर भी बहुत हाथ चले थे। सन्तोष ने बताया कि “बटरफ्लाई इफेक्ट” के नाम से प्रसिद्ध इस सिद्धान्त के अनुसार अत्यन्त छोटी लगने वाली घटना या प्रारम्भिक स्थिति आने वाली भविष्य की बड़ी घटनाओं का कारण बन सकती है। हम सब एक साथ बैठकर गूगल मीट कर रहे थे, एक साथ ७ साल पढ़े थे, भिन्न स्थानों और भिन्न परिवेशों से उठकर आये और एकत्र हुये, सबकी तितलियाँ कहीं न कहीं हिली ही होंगी, एक दूसरे से बतिया कर कि इन सबको एक साथ जोड़ना है, मित्र बनाकर।


मनीष के प्रश्न, विजय के उत्तर और सन्तोष के विश्लेषण ने मेरी कल्पना के रथ दौड़ा दिये। मैं भी अपनी तितली ढूढ़ने निकल गया और आश्चर्य यह कि मुझे एक नहीं ५ तितलियाँ मिलीं। किस कारण ने कितना प्रभावित किया होगा इसका विश्लेषण कठिन होगा पर यदि उनमें एक भी कारण न होता तो मेरी दीनदयाल विद्यालय में पढ़ने की संभावना नगण्य होती।


पहला कारण था माँ का अध्यापन कार्य। कुछ दिन माँ के साथ उनके विद्यालय गया पर जब कार्यस्थल दूर हो गया या प्रशिक्षण या जनसंख्या गणना आदि के कार्य हुये तो साथ ले जाना अत्यन्त दुष्कर हो गया। घर में देखने वाला कोई नहीं था, कुछ दिन नानी के घर बिताये और जैसे ही स्वयं को व्यक्त करने की स्थिति में पहुँचा, सरस्वती शिशु मन्दिर में पढ़ने भेज दिया गया। वहाँ अन्य मित्रों की तुलना में बहुत छोटा।


दूसरा कारण था आपातकाल। स्पष्ट याद है जब एक दिन अपने चचेरे भाई के साथ विद्यालय पहुँचा तो देखा वहाँ कोई आचार्य नहीं आया था। एक पुलिसजी ने बताया कि कुछ आचार्य गिरफ्तार हो गये हैं और कुछ भाग गये हैं अब यह विद्यालय बन्द रहेगा। घटना की भयावहता से अनभिज्ञ हम दोनों के मन में घर लौटते समय एक बालसुलभ आनन्द था, छुट्टी का और दण्ड देने वाले आचार्यों के जेल जाने का। यह मूर्खता और छुट्टी अधिक दिन नहीं रहे और हमें एक सामान्य विद्यालय में भेज दिया गया। वहाँ पर पढ़ाई और अनुशासन का स्तर निम्न था।


तीसरा कारण था कक्षा ५ में पुनः पढ़ना। आपातकाल के बाद सरस्वती शिशु मन्दिर में पुनः पढ़ने आये हम सबका स्तर बहुत अच्छा नहीं था, समझ और पाठ्यक्रम अस्तव्यस्त थे। हमारे प्रधानाचार्यजी ने ही परामर्श दिया कि अवस्था कम होने से पुनः कक्षा ५ में पढ़ाना ठीक रहेगा। शारीरिक और बौद्धिक, दोनों ही आधार दृढ़ हो जायेंगे। जहाँ एक ओर पुराने मित्रों से बिछोह असह्य था वहीं दूसरी ओर पढ़े हुये में अधिक श्रम न करने का सुख भी था।


चौथा कारण था मेधावी छात्र परीक्षा में प्रदेश में तीसरा स्थान आना। कक्षा ५ में दूसरा वर्ष सामान्य पाठ्यक्रम के अतिरिक्त कुछ विशिष्ट ज्ञान अर्जित करने में बीता। प्रदेश में स्थान सबके लिये प्रतिभा के उद्घोष होने जैसा था। यह एक तात्कालिक कारण हो गया कि अच्छे विद्यालय और अन्य नगर में भेजना है। नगर के अन्य विद्यालय सबको अयुक्त से लगने लगे।


पाँचवाँ कारण था आचार्यों का विशेष स्नेह। दूसरे ही दिन शुभचिन्तकों ने प्रधानाचार्यजी से परामर्श कर आगामी विकल्पों के बारे में निश्चय किया। एक विशेष पत्र लेकर जब पिताजी दीनदयाल विद्यालय पहुँचे तो समय निकल गया था और दो दिन बाद प्रवेश परीक्षा थी। एक अन्य आचार्यजी ने नियम तोड़ते हुये फार्म निकाल कर दिया और दो दिन बाद हुयी प्रवेश परीक्षा में सफलता मिली।


यदि उपरोक्त में एक भी कारण नहीं होता तो संभवतः उस स्थान पर न पहुँच पाता जहाँ पर आ सका हूँ, उन मित्रों से न मिल पाता जो सहायक रहे हैं उस भविष्य को रचने में जो अभीप्सित था, वह सब न सीख पाता जो विद्यालय में प्राप्त कर सका, अपना शतांश भी नहीं हो पाता। उन सबको याद कर कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर मिल गया, अभिभूत हूँ।

2.2.21

मित्र - ५(छात्रावास और बालपन)

दस वर्ष की अवस्था में परिवार से बाहर आकर छात्रावास में रहने लगना मेरे मन में एक उपेक्षित और त्यक्त भाव उत्पन्न कर सकता था। एकान्त की आर्द्रता में मन बहुधा रपटीला हो जाता है। आशाओं के कितने ही सिंहासनों पर बैठाकर आपको छात्रावास भेजा गया हो पर जब वर्तमान क्षुब्ध होता है भविष्य का आकर्षण धुँधला जाता है। तब क्षोभ उठता है परिवेश पर, परिवार पर और हर उस वस्तु पर जिससे आपकी स्मृतियों के तन्तु जुड़े हैं। बस एक दिन पहले तक तो सब अच्छा था, पिता का आश्रय था, माँ का ममत्व था और स्नेहिल भाई बहन। स्वादिष्ट भोजन की छौंक, विशेष बनाने का हठ, न बनने पर रूठने के कारण, समझाने और मनाने में लगी माँ, कल बनाने के आश्वासन, तब बैठाकर भोजन कराने और कहानी सुनाते हुये सुलाने का उपक्रम। सब सुखमय भाव सहसा वाष्पित हो चले और कहाँ विधाता ने निर्मम विश्व में ला पटका। जब क्षोभ पीड़ा से परे हो जाता है तो आँखों से टपकने लगता है।


हम सबकी स्थिति लगभग एक सी ही थी, सबके अपने आत्मीय छूटे थे। दिखाये हुये स्वप्नों को अपनी नन्हीं पलकों पर ढोने का प्रयास करते हुये हम सब किंकर्तव्यविमूढ़ से खड़े थे, उपेक्षित और त्यक्तमना। धीरे धीरे दिनचर्या के घूर्ण में समय भागता गया, एक परिवार के स्थान पर मित्रों का एक बड़ा परिवार मिल गया था। साथ उठना, खाना, पढ़ना, खेलना, आत्मीयता बढ़ने लगी। फिर भी प्रथम माहों में कदाचित कुछ कालखण्ड ऐसे निकल ही आते थे जब आप एकान्त में होते थे और परिवार की स्मृतियाँ घुमड़ने लगती थीं। उस समय तो अपने ही विचारों की समझ नहीं थी, घर में माँ और पिता किस मानसिक स्थिति में होंगे, इसकी कल्पना बालमनों को नहीं थी। मुझे उस भाव की अनुभूति तब हुयी जब मेरा पुत्र १२वीं के बाद १८ वर्ष की अवस्था में छात्रावास में रहने गया। अनुमान लगाना हो तो माँ के भावों की सान्ध्रता मुझसे कहीं अधिक और दस वर्ष के पुत्र के लिये चिन्ता के भाव कहीं अधिक गहरे।


कैसे रहता होगा, कुछ खाया होगा कि नहीं, कपड़े कैसे धोता होगा, आदि न जाने क्या क्या? जब से सुना होगा कि वहाँ अपने कमरे में झाड़ू भी लगानी पड़ती है, भोजनालय में भोजन का वितरण भी करना पड़ता है, बिस्तर पर चद्दर और रजाई भी समेटनी और तहानी पड़ती है, तब माँ का हृदय असहज हो गया होगा। इन आशंकाओं में न जाने कितने दिन बीते होंगे। उस समय हर हाथ में मोबाइल या हर घर में टेलीफोन नहीं था, कुशलक्षेम पत्रों के माध्यम से ही प्रेषित की जाती थी। पोस्टकार्ड या अन्तर्देशीय में इतना स्थान नहीं रहता था कि उनसे मिलने की व्यग्रता के अतिरिक्त कुछ और लिखा जा सके। यदि स्थान बचे भी तो कौन संवेदनशील पुत्र अपनी समस्याओं और न्यूनताओं को लिख कर अपने अभिभावकों की चिंता बढ़ा देगा।


कुछ ही विशेष अवसरों पर हमें मिलने की अनुमति थी और अभिभावकों के लिये बार बार समय और संसाधन निकाल पाना कठिन था। कई बार तो पिता के साथ माँ का आना नहीं हो पाता था। आप कल्पना कीजिये कि उस समय की जब माँ अपने बेटे से मिलने आ पाती होंगीं, तब मन में स्नेह का सागर उछाल लेता होगा। क्या न बना कर ले जाऊँ? जिसकी भी माँ आती थी या यदि नहीं भी आ पाती थी तो इतना कुछ भेजती थी कि हम सबके लिये उत्सव सा हो जाता था। सबकी माँ सबके लिये भेजती थी। उसका ममत्व अपने बेटे और उसके साथ उसी की भाँति अपनी माँ से वंचित रह रहे सभी मित्रों के लिये अनुनादित होने लगता था, नित नित बढ़ने लगता था। कनस्तर भर के लड्डू, बालमिठाई, ठेकुआ, गजक, क्या क्या नहीं रहता था हम सबके पास।


जैसे वंचितों के पास आया धन अधिक दिन संचित नहीं रह पाता है, हमारा भी ऐश्वर्य एक दो दिन में ही समाप्त हो जाता था। कुछ अन्तराल के बाद किसी और मित्र की माँ, हमारे रिक्त उदरों के लिये थोड़ा और ईंधन और हृदय के लिये माताओं का स्नेह। बीच का कालखण्ड उनकी स्मृतियों में कट जाता था। अवकाश से वापस आने के बाद तो उत्सव दो तीन सप्ताह तक चल जाता था।


हम मित्रों पर हमारी माताओं का विशेष स्नेह रहा है। २०१६ में जब हम सब मिल रहे थे तो हम सबसे अधिक आह्लादित मेरी माँ थी। अभी जब हम सब बैठकर गूगल पर बतिया रहे थे, रंजन की माँ ने सबसे बात की, सबका कुशलक्षेम पूछा। यद्यपि हम सब जीवन के ५०वें सोपान पर पैर रखने जा रहे हैं पर हमारी माताओं के लिये हम अभी भी दस साल के बच्चे हैं। संदीप की माँ तो पूरी गूगल बैठक में रही और सबकी बातें सुनती रहीं, इससे तनिक अंकुश हम सबकी उत्श्रृंखलता पर भी लग गया। उनके रहने से एक घटना की चर्चा हुयी जब प्रदीप और रवीन्द्र संदीप के घर पहुँचे थे, संदीप उस समय आईआईटी में थे। माँ ने दोनों को खाना परोसा और खिलाने लगी। हम छात्रावासियों को मुक्तक्षुधा का वर मिला है, यथानुसार दोनों तृप्त होकर भोजन किये और पूरे परिवार के लिये बनी मात्रा उदरस्थ कर गये।


माताओं का स्नेह केवल भोजन तक ही सीमित नहीं था। मुझे स्पष्ट याद है कि एक बार मैं ज्वर में था। उस समय मेरे कक्ष में रहने वाले मेरे कनिष्ठ विक्रम की माँ आयी थीं। मेरी स्थिति देखकर वह रुकी रहीं और मेरे माथे पर तब तक गीली पट्टी करती रहीं, जब तक ज्वर का ताप कम नहीं हो गया। यह घटना मेरी स्मृति में स्थायी रूप से बस गयी है और मेरी कृतज्ञता का स्थायी अंग बन गयी है। हम छात्रावासियों को एक और विशेष स्नेह अपने विद्यालय के मित्रों की माताओं से भी मिलता था। यदाकदा जब उनके घरों में जाने का अवसर मिलता था तो सदा ही ममत्वपूर्ण स्नेहिल वातावरण मिलता था। ममता का यह संवाद तब वृहद और व्यापक हो जाता था, परिवार की सीमाओं से परे।


इस परिप्रेक्ष्य में हम छात्रावासियों का सौभाग्य रहा कि हमें एक नहीं न जाने कितनी माताओं के स्नेह ने सिंचित किया है।